सोमवार से मतदाताओं को BLO घर-घर बांटेंगे गणना फार्म, “बुक ए कॉल” से करें बीएलओ से संपर्क
कल यानी सोमवार से उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाताओं को गणना फार्म बांटने का कार्य प्रारम्भ किया जाएगा।
SHABD,Dehradun, June 7,
07 जून 2026, देहरादून:
कल यानी सोमवार से उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाताओं को गणना फार्म बांटने का कार्य प्रारम्भ किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने बताया कि प्रदेश के सभी 11733 बीएलओ के पास गणना फार्म पंहुचा दिए गए हैं। आगामी 7 जुलाई तक एक माह के समय में बीएलओ द्वारा मतदाताओं के गणना फार्मों को बीएलओ एप्प के माध्यम से डिजिटिलाइज किया जाएगा।
इसके अलावा जो मतदाता नौकरी या अन्य वजह से घर में उपलब्ध नहीं हैं, वो ”बुक ए कॉल विद BLO” के फीचर से अपने बीएलओ के साथ कॉल बुक करा सकते हैं। इसके लिए मतदाता https://voters.eci.gov.in वेबसाइट पर विजिट करके या ECI-Net मोबाइल ऐप को डाउनलोड कर अपनी कॉल बुक करा सकते हैं। साथ ही बीएलओ के क्षेत्र भ्रमण के दौरान कोई मतदाता घर पर नहीं मिलता है, तो ऐसी स्थिति में बीएलओ तीन बार घर पर विजिट करेंगे और स्टीकर लगाकर अपने अगले विजिट की डेट और मोबाइल नंबर लिखेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेश के मतदाताओं से अपना नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो गणना फार्म के साथ बीएलओ को उपलब्ध कराने की अपील की है। आयोग के निर्देशानुसार 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ विजय कुमार जोगदण्डे ने बताया कि मतदाता स्वयं भी ईसीआई नेट ऐप के माध्यम से अपना गणना फार्म ऑनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं, इसके बाद मतदाता इसे भरकर अपलोड कर सकते हैं।
