Spread the love

कार्यालय जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल

युवाओं के कौशल और उद्योगों की जरूरतों को जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

सूचना/पौड़ी/23 मई 2026:
आईटीआई प्रशिक्षुओं एवं स्थानीय उद्योगों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा कौशल आधारित रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला उद्योग केंद्र, कोटद्वार में कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का आयोजन सीमेंस, टाटा स्ट्राइव, आईटीआई तथा जिला उद्योग केंद्र, कोटद्वार के संयुक्त सहयोग से किया गया।

कार्यशाला के दौरान आईटीआई एवं विभिन्न उद्योगों के मध्य 08 एमओयू हस्तांतरित किए गए, जिससे तकनीकी प्रशिक्षण और औद्योगिक आवश्यकताओं के बीच तालमेल को और मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम में 25 से अधिक उद्योगों तथा आईटीआई के 40 से अधिक प्रशिक्षुओं ने सहभागिता करते हुए 11 नवाचार आधारित प्रोजेक्ट्स प्रदर्शित किए। इनमें से कई प्रोजेक्ट्स को उद्योगों के लिए उपयोगी एवं व्यवहारिक माना गया।

कार्यशाला में स्थानीय उद्योगों, आईटीआई प्रतिनिधियों, प्रशिक्षकों एवं प्रशिक्षुओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। प्रतिभागियों ने इस पहल को कौशल शिक्षा और उद्योगों के बीच मजबूत साझेदारी की दिशा में प्रभावी कदम बताया। कार्यक्रम में कुल 110 से अधिक प्रतिभागी उपस्थित रहे। कार्यशाला के माध्यम से प्रशिक्षुओं को उद्योगों की कार्यप्रणाली, तकनीकी आवश्यकताओं और रोजगार संभावनाओं की जानकारी भी दी गयी।

कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक सोमनाथ गर्ग एवं प्रबंधक राजेन्द्र प्रकाश आर्य, सिडकुल निर्माता संघ के अध्यक्ष सुनील गुप्ता एवं सचिव विवेक चौहान, आईटीआई कोटद्वार के प्रधानाचार्य सुशील कुमार तथा आईटीआई दुगड्डा के प्रधानाचार्य गोविंदा उपस्थित रहे। वहीं सीमेंस एवं टाटा स्ट्राइव की ओर से सैबल अदक, प्रसन्न सिंह नेगी एवं सुभाष डबराल ने कार्यशाला के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *