संपादकीय: गढ़वाल में पासपोर्ट सेवा—सुविधा से आगे, विकास की दिशा में बड़ा कदम

गढ़वाल क्षेत्र के लिए कोटद्वार में नए पासपोर्ट कार्यालय का उद्घाटन केवल एक प्रशासनिक सुविधा का विस्तार नहीं, बल्कि दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में ‘सुगम शासन’ की अवधारणा को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय विदेश एवं वस्त्र राज्य मंत्री पबित्रा मार्घेरिटा है तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी एवं विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण उपस्थित रहे। केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री द्वारा इस सेवा का शुभारंभ, क्षेत्रीय आवश्यकताओं के प्रति केंद्र सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है।

अब तक गढ़वाल के कई हिस्सों—विशेषकर यमकेश्वर, लैंसडाउन, चौबट्टाखाल, नैनीडांडा और थलीसैंण जैसे दुर्गम क्षेत्रों—के लोगों को पासपोर्ट जैसी बुनियादी सेवा के लिए देहरादून या अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था। भौगोलिक चुनौतियों, सीमित परिवहन और आर्थिक बोझ के चलते यह प्रक्रिया न केवल कठिन, बल्कि कई बार टलती भी रहती थी। ऐसे में कोटद्वार में पासपोर्ट कार्यालय की स्थापना, आमजन के लिए राहत और अवसर—दोनों लेकर आई है।

यह पहल प्रधानमंत्री के ‘ईज ऑफ लिविंग’ और ‘डिजिटल व सुगम भारत’ के व्यापक विजन से भी मेल खाती है। सरकारी सेवाओं को नागरिकों के नजदीक लाना, विशेषकर उन क्षेत्रों में जहां पहुंच स्वयं एक चुनौती है, प्रशासनिक सुधार का मूल आधार होना चाहिए—और इस दिशा में यह कदम सराहनीय है।

हालांकि, किसी भी नई सुविधा की सफलता केवल उसके उद्घाटन में नहीं, बल्कि उसके सतत और प्रभावी संचालन में निहित होती है। आवश्यक है कि इस पासपोर्ट कार्यालय में पर्याप्त स्टाफ, तकनीकी संसाधन और पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को वास्तविक लाभ मिल सके और उन्हें फिर से पुराने झंझटों का सामना न करना पड़े।
केंद्रीय विदेश एवं वस्त्र राज्य मंत्री पबित्रा मार्घेरिटा
साथ ही, यह भी महत्वपूर्ण है कि सरकार इस तरह की सुविधाओं को केवल जिला मुख्यालयों तक सीमित न रखे, बल्कि ब्लॉक और ग्राम स्तर तक सेवा विस्तार की दिशा में भी ठोस कदम उठाए। तभी ‘विकसित गढ़वाल’ और ‘विकसित उत्तराखंड’ का सपना वास्तविकता बन पाएगा।
अंततः, कोटद्वार पासपोर्ट कार्यालय गढ़वाल के विकास की उस नई कहानी की शुरुआत है, जिसमें सुविधाएं पहाड़ की ऊंचाइयों तक पहुंचेंगी—और वहां के युवाओं के सपनों को नए पंख मिलेंगे।
