उत्तराखंड : देहरादून के परेड ग्राउंड में ऊन एक्सपो-राष्ट्रीय प्रदर्शनी का शुभारंभ
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में प्रदेश में ऊन उद्योग को नई पहचान दिलाने की दिशा में आज एक अहम पहल देखने को मिली।
SHABD,Dehradun, January 1,
उत्तराखंड : देहरादून के परेड ग्राउंड में ऊन एक्सपो-राष्ट्रीय प्रदर्शनी का शुभारंभ
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में प्रदेश में ऊन उद्योग को नई पहचान दिलाने की दिशा में आज एक अहम पहल देखने को मिली। देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित ऊन एक्सपो-राष्ट्रीय प्रदर्शनी का ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर ऊन उद्योग से जुड़े उत्पादों, नवाचारों और तकनीकों की जानकारी ली। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने प्रदेशवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए आयोजकों को इस आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी केवल उत्पादों का प्रदर्शन नहीं, बल्कि कृषि, पशुपालन, ग्रामीण आजीविका और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प का प्रतीक है। ऊन उद्योग से देश के लाखों किसान, पशुपालक और कारीगर जुड़े हैं। यह हमारी परंपरा, संस्कृति और आजीविका का अहम आधार है। मंत्री ने कहा कि वैश्विक प्रतिस्पर्धा के दौर में ऊन उद्योग को तकनीक आधारित और गुणवत्ता केंद्रित बनाना जरूरी है। इसके लिए उन्नत नस्ल विकास, वैज्ञानिक पशुपालन, ऊन की ग्रेडिंग, प्रोसेसिंग, डिजाइन नवाचार और अनुसंधान पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार किसानों को केवल उत्पादक नहीं, बल्कि मूल्य श्रृंखला का मजबूत भागीदार बनाने की दिशा में काम कर रही है। किसानों को बाजार से जोड़ने, मूल्य संवर्धन और एफपीओ व सहकारी संस्थाओं के माध्यम से संगठित ढांचा विकसित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री के वोकल फॉर लोकल और आत्मनिर्भर भारत के मंत्र का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि ऊन एक्सपो जैसे आयोजन स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने में सहायक होंगे। ऊन एक्सपो-राष्ट्रीय प्रदर्शनी से न सिर्फ ऊन उद्योग को नई दिशा मिलने की उम्मीद है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने का विश्वास जताया जा रहा है।
