Spread the love

कार्यालय, जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल

5 सितंबर को लैंसडाउन में आयोजित समारोह में रखी जाएगी मिट्टी, सैन्य धाम निर्माण में होगा उपयोग

सूचना/पौड़ी/03 अक्टूबर, 2025:
शहीद सम्मान यात्रा के तहत जिला सैनिक कल्याण विभाग पौड़ी द्वारा आज विकासखंड पाबौ के तीन गांवों से शहीदों के आंगन से मिट्टी संग्रहित की गयी। यह मिट्टी 5 अक्टूबर को सम्मान के साथ लैंसडाउन कैंट में आयोजित होने वाले शहीद सम्मान समारोह में सुरक्षित रखी जाएगी, जिसके बाद इसे सैन्य धाम बनाने के लिए देहरादून भेजा जाएगा।

सैनिक कल्याण अधिकारी मेजर (रि.) करन सिंह रावत ने बताया कि 2021 में पहले चरण में शहीदों के आंगन से लायी गयी मिट्टी को सैन्य धाम भेजा जा चुका है। दूसरे चरण में आज विकासखंड पाबौ के सलाना गांव में शहीद राम सिंह, धारकोट में शहीद विपिन गुसाईं और बिसल्ड में शहीद भूपेंद्र सिंह के आंगन से मिट्टी संग्रहीत की गयी।

उन्होंने कहा कि इसे सम्मानपूर्वक 5 सितंबर को लैंसडाउन में आयोजित शहीद सम्मान समारोह में रखा जाएगा और उसके बाद सैन्य धाम के लिये लैंसडाउन से देहरादून भेजा जाएगा। सैनिक कल्याण अधिकारी लैंसडाउन वीरेंद्र भट्ट ने बताया कि लैंसडाउन क्षेत्र में सभी 26 शहीदों के आंगन से मिट्टी पहले ही संग्रहित की जा चुकी है।

इस अवसर पर स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी ने कलेक्ट्रेट परिसर से सैनिक कल्याण विभाग के दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा यह हमारे लिए गर्व की बात है कि शहीदों के आंगन से मिट्टी संग्रहीत की जा रही है और इसे सम्मान के साथ सैन्य धाम में उपयोग किया जाएगा।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी, मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल, मुख्य शिक्षाधिकारी नागेन्द्र बर्तवाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *