Spread the love

कार्यालय जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी

एक्सपोजर विजिट से बढ़ेगी बेटियों की उड़ान: जिलाधिकारी

बेहतर प्रदर्शन करने वाली बालिकाएं बनेंगी ब्रांड एम्बेसडर: डीएम

जिलाधिकारी ने ली महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की बैठक

सूचना/पौड़ी/ 28 अगस्त, 2025:
 महिला सशक्तिकरण और बेटियों के उज्ज्वल भविष्य को लेकर गुरुवार को जिला मुख्यालय में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की जिला स्तरीय टास्क फोर्स बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बालिकाओं से जुड़े कार्यक्रमों को प्रभावी रूप से लागू किया जाए, ताकि बेटियों को शिक्षा, करियर और आत्मरक्षा के क्षेत्र में हर संभव सहयोग मिल सके।

 जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को निर्देश दिये कि अफसर बिटिया’ कार्यक्रम के तहत करियर काउंसलिंग, स्वास्थ्य संबंधी कार्यशालाएं और बालिकाओं की रूचि के आधार पर एक्सपोजर विजिट करायी जाएं। उन्होंने कहा कि कक्षा 11 और 12 की छात्राओं को पारंपरिक व गैर पारंपरिक क्षेत्रों में रोजगार व स्वरोजगार के अवसरों से अवगत कराया जाय। जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को बालिकाओं को सेल्फ डिफेंस व खेल गतिविधियों का प्रशिक्षण देने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि विकासखंड स्तर पर आंगनबाड़ी केंद्रों को चिन्हित कर बालिकाओं द्वारा थीम वाइज पेंटिंग करायी जाय, जिससे उनमें सहभागिता की भावना का विकास हो। साथ ही जिन बालिकाओं ने किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, उन्हें ब्रांड एम्बेसडर बनाया जाय, ताकि अन्य बालिकाएं प्रेरित हो सकें।

जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिये कि कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण 12वीं के बाद पढ़ाई छोड़ने वाली मेधावी बालिकाओं को आगे की पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता दी जाय। साथ ही उन्होंने बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिये वोकेशनल ट्रेनिंग के रूप में विशेष कार्यक्रम चलाने के भी निर्देश दिए। वहीं जिला शिक्षाधिकारी को निर्देशित किया कि स्कूल छोड़ने वाली बालिकाओं को पुनः शिक्षा से जोड़ा जाय।
उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को टेली मानस (मानसिक स्वास्थ्य सहायता नेटवर्क) के प्रचार-प्रसार के लिये विशेष अभियान चलाने को कहा।
  बैठक के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने विभागीय कार्ययोजना की जानकारी दी और बताया कि आपदा में कई आंगनबाड़ी भवन क्षतिग्रस्त हुए हैं। इस पर जिलाधिकारी ने क्षतिग्रस्त भवनों की मरम्मत/पुनर्निर्माण हेतु सूची आपदा मद में तत्काल प्रेषित करने के निर्देश दिये। साथ ही जिलाधिकारी ने मॉडल आंगनबाड़ी केंद्रों में प्रथम चरण में विद्यार्थियों को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ की थीम पर यूनिफॉर्म देने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय स्तर पर अधिक प्रचार प्रसार हो सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला, जिला शिक्षाधिकारी माध्यमिक रणजीत सिंह नेगी, वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासिका लक्ष्मी रावत सहित सभी सीडीपीओ तथा विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *