खेती के लिए सस्ता कर्ज चाहिए तो बनवाईए किसान क्रेडिट कार्ड, सिर्फ इन कागजातों की होगी जरूर
किसान अब भी साहूकारों से लोन लेते हैं और इस दुष्चक्र में फंसकर जान दे देते हैं. जबकि अब सिर्फ तीन डॉक्यूमेंट पर ही किसान क्रेडिट कार्ड मिल रहा है वो भी महज 4 फीसदी ब्याज पर

केंद्र सरकार प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि स्कीम के तहत खेती-किसानी के लिए 12 करोड़ किसानों को सालाना 6000 रुपये की सहायता दे रही है. साथ ही किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के जरिए लोन लेना भी अब पहले से आसान कर दिया है. अगर आप समय से पैसा जमा कर सकते हैं तो इसके जरिए लोन लेकर अपनी खेती से अच्छी कमाई कर सकते हैं. खास बात ये है कि इसके तहत 3 लाख रुपये तक का कर्ज सिर्फ 7 फीसदी ब्याज पर मिलता है. समय पर पैसा लौटा देते हैं तो 3 फीसदी की छूट मिलती है. इस तरह ईमानदार किसानों को 4 परसेंट ब्याज पर ही पैसा मिल रहा है. जो साहूकारों के चंगुल में फंसने से कहीं अच्छा है.
लोकसभा में पेश एक रिपोर्ट के मुताबिक देश के हर किसान पर औसतन 47000 रुपये का कर्ज है. जिसमें साहूकारों से इतना कर्ज लिया गया है कि यह प्रति किसान 12,130 रुपये औसत आता है. साहूकारों से कर्ज लेकर वे ऐसे दुष्चक्र में फंस जाते हैं कि सबकुछ बिक जाता है और वे पैसा न लौटा पाने की स्थिति में आत्महत्या के लिए मजबूर होते हैं. जबकि केसीसी उनकी जिंदगी आसान कर सकता है. कर्ज लेना आसान बनाने के लिए सरकार ने साल 1998 में किसान क्रेडिट कार्ड स्कीम शुरू की थी. (ये भी पढ़ें: वादों और दावों के बीच कैसे दोगुनी होगी किसानों की आय?)
