Spread the love

कार्यालय जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल।

सूचना/पौड़ी/ 25 अप्रैल, 2025:

पीएम जनमन के तहत बोक्सा छात्रों को मिलेगा कैरियर गाइडेंस और कोचिंग

शिक्षा और रोजगार के लिए बोक्सा छात्र-छात्राओं को मिलेगी खास सहायता

पीएम जनमन कार्यक्रम के तहत जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कोटद्वार में अनुसूचित जनजाति बोक्सा समुदाय के बच्चों से मुलाकात कर उन्हें बेहतर भविष्य के लिए तैयार करने और मार्गदर्शन देने का काम शुरू किया है। इस अवसर पर उन्होंने छात्र-छात्राओं की कैरियर काउंसलिंग और सामान्य काउंसलिंग के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों को नामित किया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे महीने में कम से कम दो बार इन बच्चों से मिलें और उनके पठन-पाठन की स्थिति की जानकारी लें। अभी तक 22 बच्चों की कैरियर काउंसलिंग की गई है।

     जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन बच्चों को पढ़ाई के लिए आर्थिक कठिनाई हो रही है, उन्हें हरसंभव सहायता दी जाएगी ताकि वे बिना किसी चिंता के पढ़ाई कर सकें और आगे चलकर अच्छी नौकरी प्राप्त कर सकें। उन्होंने यह भी बताया कि जो बच्चे सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं और यदि उन्हें कोचिंग की आवश्यकता है, तो उन्हें कोटद्वार में ही कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कोचिंग संस्थानों से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कहा कि वे बोक्सा जनजाति के बच्चों को प्रेरित करें ताकि अधिक से अधिक बच्चे सरकारी सेवाओं में स्थान बना सकें।
जिलाधिकारी ने कहा कि बोक्सा जनजाति के बच्चों में अपार प्रतिभा है। हमें उन्हें उचित संसाधन और प्रेरणा देनी होगी ताकि वे भी समाज की मुख्यधारा में आगे बढ़ सकें और सरकारी सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

इस दौरान बोक्सा जनजाति की छात्रा सलोनी ने जिलाधिकारी को बताया कि वह 12वीं के बाद जेई (जूनियर इंजीनियर) की पढ़ाई कर इंजीनियरिंग के क्षेत्र में नौकरी करना चाहती है, लेकिन पारिवारिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह चिंतित है। इस पर लोनिवि दुगड्डा के अधिशासी अभियंता ने सलोनी को जेई की पढ़ाई के लिए एक लाख रुपये की सहायता देने का आश्वासन दिया।
  इस मौके पर उपजिलाधिकारी कोटद्वार सोहन सिंह सैनी, अधिशासी अभियंता लोनिवि दुगड्डा निर्भय सिंह, एसडीओ नंदिता, तहसीलदार साक्षी उपाध्याय, खंड विकास अधिकारी दुगड्डा विद्यादत्त रतूड़ी, बाल विकास परियोजना अधिकारी नेहा बेलवाल, सहायक नगर आयुक्त कोटद्वार अजय कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *