Spread the love

राज्य में 23 जनवरी को होने वाले निकाय चुनाव के लिए सभी जिलों में बैलेट पेपर पहुंच चुके हैं। निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने शुक्रवार को सभी जिलों के डीएम, एसएसपी के साथ चुनाव तैयारियों की समीक्षा की।उन्होंने निर्देश दिए कि मतदान संपन्न होने तक आचार संहिता का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा करते हुए निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से कराने के निर्देश दिए। आयुक्त ने बताया, सभी जिलों में बैलेट पेपर पहुंच गए हैं।

उन्होंने निर्वाचन ड्यूटी में लगे सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ नागर स्थानीय निकाय निर्वाचन को सफलतापूर्वक पूर्ण करने की बात कही। राज्य निर्वाचन आयुक्त ने सभी डीएम, एसएसपी को मतदान प्रक्रिया पूर्ण होने तक आदर्श आचार संहिता का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि बैलेट पेपर बूथ तक पहुंचाने के लिए लिए पैकेटिंग एवं बंडलिंग सहित अन्य जरूरी गतिविधियां समय से पूर्ण कर ली जाएं। कहा, पोलिंग पार्टियों को दी जाने वाली किट्स, बैलेट बॉक्स आदि की समुचित व्यवस्था भी समय से पूर्ण कर ली जाएं।

उन्होंने मतदान एवं मतगणना सहित सभी गतिविधियों के लिए मतदान कर्मियों को दिए जाने वाले सभी प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों को समय से पूर्ण कराने की बात कही। आयुक्त ने पोलिंग पार्टियों की रवानगी, उनका रूट चार्ट, सुरक्षा दलों एवं यातायात के लिए वाहनों की उचित व्यवस्था आदि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जाए।

आयुक्त ने कहा, मतदान के बाद पोलिंग पार्टियों को वापस आने में काफी देरी हो जाती है, जिससे उनके वापस घर लौटने के लिए यातायात सुविधा नहीं हो पाती। पोलिंग पार्टियों से बैलेट बॉक्स वापस जमा कराने के बाद उनको उनके गंतव्य तक पहुंचने के लिए भुगतान आधारित यातायात सुविधा उपलब्ध कराना भी सुनिश्चित करें। इस मौके पर सचिव राज्य निर्वाचन आयोग राहुल कुमार गोयल, संयुक्त सचिव कमलेश मेहता एवं उपसचिव वीरेंद्र रावत सहित अन्य उच्चाधिकारी उपस्थित थे।

संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल
राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील पोलिंग स्टेशनों के लिए आवश्यक सुरक्षा बल का आकलन एवं तैनाती पर भी विशेष बल देेने के निर्देश दिए। कहा, पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार अपने क्षेत्रों का भ्रमण कर पोलिंग स्टेशन एवं पोलिंग बूथ की व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखें। कहा, क्षेत्रों के भ्रमण कर लॉ एंड ऑर्डर एवं लॉजिस्टिक्स की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। कहा, सभी सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट को अपने क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पोलिंग स्टेशन और पोलिंग बूथों का लगातार दौरा कर चुनाव निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से कराने की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। उन्होंने शराब सहित अवैध मादक पदार्थों के जब्ती पर संतुष्टि व्यक्त करते हुए कहा, इस प्रकार के गतिविधियों को रोकने के लिए प्रवर्तन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मतदान ड्यूटी में लगे वाहनों के ईंधन के लिए चिह्नित पेट्रोल पंपों को पूर्व से ही उचित मात्रा में फ्यूल रिजर्व में रखने की बात कही।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *