लैंसडौन। गढ़वाल राइफल्स रेजीमेंट के परेड ग्राउंड में रविवार को आयोजित सम्मान पर्व में कोराना के खिलाफ चल रही जंग में अपनी जान जोखिम में डालकर समाजसेवा में लगे कोरोना योद्धाओं का रेजीमेंटल बैंड की देश भक्ति की धुनों पर सम्मान किया गया।
एसडीएम अपर्णा ढौंडियाल ने बताया कि रविवार को गढ़वाल रेजीमेंट सेंटर की ओर से परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में कोरोना के खिलाफ जंग लड़ रहे सफाई, चिकित्सा, पुलिस व राजस्व कर्मियों को कमान अधिकारी ने उपहार देकर सम्मानित किया। इस मौके पर सेना के पाइप बैंड वादकों की सैन्य धुन सहित देश भक्ति की धुनों ने कोराना कर्मवीरों की हौसलाअफजाई की। कार्यक्रम में राजस्व विभाग की ओर से एसडीएम अपर्णा ढौंडियाल, स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. मनीषा अग्रवाल, पुलिस विभाग से कोतवाली प्रभारी निरीक्षक एसएन गैरोला, सफाई कर्मियोें की ओर से सफाई निरीक्षक दीपक मिश्रा सहित वित्त सेवा में विशिष्ट योगदान देने के लिए एसबीआई के प्रबंधक श्रीकांत नौगाईं ने सम्मान ग्रहण किया।
