आयुष डॉक्टरों को मिलेगी नई जिम्मेदारी, बनेंगे कम्प्युनिटी हेेल्थ ऑफीसर
– स्वास्थ्य विभाग के हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटरों में होगी पदस्थापना
भोपाल। आयुष डॉक्टरों को एलोपैथी के इलाज की छूट देने के बाद अब सरकार इन्हें कम्प्युनिटी हेल्थ ऑफीसर बनाकर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देने जा रही है। ये डॉक्टर स्वास्थ्य विभाग के हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर में पदस्थ होंगे। राज्य सरकार ने इनकी पदस्थापना की तैयारी कर ली है।
राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए सरकार का फोकस चिकित्सकीय अमले की नियुक्ति पर है। इसी कड़ी में आयुष चिकित्सकों को एलोपैथी का इलाज की सुविधा मिली। राज्य में एकीकृत चिकित्सा केन्द्रों की स्थापना की गई। ये केन्द्र ऐसे स्थानों पर बनाए गए जहां स्वास्थ्य विभाग के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र और आयुष के स्वास्थ्य केन्द्र हैं।
इन दोनों केन्द्रों को एक ही छत के नीचे लाकर नया नाम दिया गया। आयुष डॉक्टरों को विशेष प्रशिक्षण देकर यहां पदस्थापना की गई। अब राज्य में स्थापित हो रहे वेलनेस सेंटरों में भी इन डॉक्टरों की पदस्थापना होगी। ये सेंटर दूर-दराज क्षेत्रों सहित अन्य स्थानों पर शुरू होंगे। इन सेंटरों में पदस्थ आयुष चिकित्सक प्राथमिक उपचार कर सकेंगे।
आयुष्मान भारत योजना का लाभ –
राज्य सरकार केन्द्र की आयुष्मान के तहत चयनित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों और उप स्वास्थ्य केन्द्रों को हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर बना रही है। प्रदेश में इन्हें आरोग्यम् नाम दिया गया है। इन सेंटरों के लिए केन्द्र सरकार का आर्थिक सहयोग भी मिलेगा।
यह सुविधाएं हैं वेलनेस सेंटरों में –
इन केंद्रों में मातृत्व स्वास्थ्य, शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, किशोर स्वास्थ्य, डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, कैंसर, अंधत्व, श्रवण बाधित रोग, संचारी रोग प्रबंधन एवं उपचार, ओरल हेल्थ, मेंटल हेल्थ, योगा और एक्सरसाइज, काउंसिलिंग, स्कूल हेल्थ एजुकेशन, आपात कालीन चिकित्सा सुविधाएं प्रमुख हैं।
