सतपुली/कोटद्वार। छोटे भाई को गुलदार के मुंह से बचाने वाली बीरोंखाल ब्लाक की देवकुंडाई गांव की 11 वर्षीय बहादुर बच्ची राखी का नाम पौड़ी जिला प्रशासन वीरता पुरस्कार के लिए भेजेगा। क्षेत्रीय विधायक और पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के प्रयासों से घायल राखी को बेहतर उपचार के लिए दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भरती करा दिया गया है। पर्यटन मंत्री ने बच्ची के उपचार के लिए अपने वेतन से एक लाख की धनराशि भी उसके परिजनों को दी है।
देवकुंडाई निवासी राखी ने गत चार अक्तूबर को अदम्य साहस दिखाते हुए अपने मासूम भाई को गुलदार के मुंह से बचा लिया। मां के साथ खेत से लौटते वक्त गुलदार ने उसके चार साल के भाई पर झपट्टा मारा तो राखी भाई का रक्षा कवच बन गई। गुलदार उसकी पीठ पर वार करता रहा लेकिन लहूलुहान होने के बाद भी उसने भाई को नहीं छोड़ा। राखी को रविवार को कोटद्वार अस्पताल से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया था। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के प्रयासों से घायल राखी को सोमवार देर शाम राम मनोहर लोहिया अस्पताल दिल्ली में भरती करा दिया गया है। दिल्ली में पर्यटन मंत्री के विशेष कार्याधिकारी अभिषेक शर्मा ने बताया कि पर्यटन मंत्री महाराज ने राखी के इलाज के लिए एक लाख रुपये की धनराशि उसके परिजनों को दी है। महाराज ने बच्ची के इलाज पर आने वाला अन्य खर्चा भी स्वयं वहन करने का भरोसा दिलाया है। उधर, जिलाधिकारी डीएस गर्ब्याल ने बताया कि बच्ची के अदम्य साहस को देखते हुए उसका नाम वीरता पुरस्कार के लिए भेजा जाएगा। प्रशासन की ओर से बच्ची के उपचार के लिए हर संभव मदद की जाएगी। पर्यटन मंत्री ने मामले में जिलाधिकारी से भी फोन पर वार्ता की।
