Spread the love

एम्स में करार के दौरान मौजूद निदेशक प्रो. रविकांत व अन्य।एम्स में करार के दौरान मौजूद निदेशक प्रो. रविकांत व अन्य

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) और अमेरिकी कंपनी इवोल्को के मध्य टेली मेडिसिन तकनीक को लेकर करार हुआ है। इसके तहत एम्स को इवोेल्को की ओर से टेली मेडिसिन की तकनीक उपलब्ध कराई जाएगी। इसका सर्वाधिक लाभ चिकित्सा सुविधाओं से विहीन सुदूर पर्वतीय इलाकों में रहने वाले लोगों को घर बैठे मिल सकेगा। इस तकनीक से लोग घर बैठै एम्स के विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श ले सकेंगे।

एम्स निदेशक प्रोफेसर रविकांत ने बताया कि इवोल्को कंपनी कैलिफोर्निया में स्थापित है। इसकी भारत में लखनऊ और बंगलूरू में शाखाएं हैं। कंपनी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर आधारित पेशेंट स्क्रीनिंग एंड टेली मेडिसिन तकनीक को विकसित किया है। पर्वतीय इलाकों में चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए एम्स संस्थान ने कंपनी के साथ करार किया है।
प्रो. वर्तिका सक्सेना ने बताया कि समझौते पर एम्स की ओर से निदेशक प्रो. रविकांत और इवोल्को कंपनी की ओर से वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. विनीत ध्यानी ने हस्ताक्षर किए। गौरतलब है कि एम्स ऋषिकेश की स्थापना रोगियों को बेहतरीन स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए की गई है। इसके तहत एम्स प्रशासन मरीजों को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने को सतत प्रयासरत है। इसी उद्देश्य से अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश में वर्ष 2018 के जून माह में टेली मेडिसिन इकाई की स्थापना की गई।
इस इकाई के माध्यम से दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में स्थापित स्वास्थ्य केंद्रों में टेली परामर्श, टेली चिकित्सा सेवा और टेली चिकित्सा शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। इस अवसर पर एम्स टेली मेडिसिन यूनिट के सदस्य डॉ. योगेश बेहुरूपी, डॉ. मधुर उनियाल आदि मौजूद रहे।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *