कार्यालय, जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल
सूचना/पौड़ी/07 अक्टूबर 2026:
जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) के सहयोग से विकासखंड पौड़ी में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष परीक्षण एवं चिन्हीकरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन एडिप एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत किया गया।
शिविर में वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों की आवश्यकताओं का आकलन करते हुए सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए परीक्षण एवं पंजीकरण की प्रक्रिया की गई। इस दौरान 218 वरिष्ठ नागरिकों को राष्ट्रीय वयोश्री योजना तथा 15 दिव्यांगजनों को एडिप योजना के तहत सहायक उपकरणों के लिए चिन्हित किया गया। पात्र लाभार्थियों को परीक्षण के आधार पर उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया ने बताया कि एडिप योजना के अंतर्गत लाभ लेने के लिए दिव्यांगजनों के पास आधार कार्ड, न्यूनतम 40 प्रतिशत दिव्यांगता प्रमाण पत्र तथा निर्धारित आय प्रमाण पत्र होना आवश्यक है। वहीं राष्ट्रीय वयोश्री योजना के लिए वरिष्ठ नागरिकों को आधार कार्ड एवं निर्धारित आय प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होता है। उन्होंने पात्र दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों से ऐसे शिविरों में प्रतिभाग कर योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि एलिम्को के सहयोग से जनपद में विभिन्न विकासखंडों में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों की आवश्यकताओं का मौके पर आकलन कर उन्हें उनकी जरूरत के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और उनके जीवन को अधिक सुगम बनाने में मदद मिल रही है।
शिविर में क्षेत्र पंचायत प्रमुख अस्मिता नेगी, ज्येष्ठ प्रमुख अर्चना तोपाल, खंड विकास अधिकारी दृष्टि आनंद, अपर समाज कल्याण अधिकारी अनिल सेमवाल, राहुल राणा सहित समाज कल्याण विभाग एवं एलिम्को के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांगजन एवं उनके परिजन भी शिविर में पहुंचे।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
