Spread the love

भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में उत्तराखंड की धमक, वैश्विक बाजार में पहचान बना रहे पहाड़ के उत्पाद

नई दिल्ली। नई दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला-2026 के अंतर्गत उत्तराखंड दिवस समारोह में उत्तराखंड पवेलियन का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों, स्वयं सहायता समूहों, उद्यमियों और उत्पादकों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया गया।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज और भरत सिंह चौधरी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

उत्तराखंड पवेलियन में प्रदेश की पारंपरिक कला, हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों और उद्यमिता की विविध झलक देखने को मिली। यहां प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों के उत्पादकों ने अपने उत्पादों और हुनर को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर कहा गया कि उत्तराखंड के शिल्पकारों, कारीगरों और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी मातृशक्ति द्वारा तैयार उत्पाद अब केवल स्थानीय बाजार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी अपनी पहचान बना रहे हैं।

‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ से वैश्विक पहचान की पहल

उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड के माध्यम से गुणवत्ता, आकर्षक पैकेजिंग और आधुनिक ब्रांडिंग पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धी बनाना तथा उत्पादकों को उनके परिश्रम का उचित मूल्य दिलाना है।

यह पहल उत्तराखंड की स्थानीय अर्थव्यवस्था, स्वरोजगार और महिला उद्यमिता को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

स्थानीय हुनर से रोजगार और पलायन पर लगाम की उम्मीद

उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य के लिए स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाना केवल व्यापार का विषय नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का भी अवसर है। यदि कारीगरों, महिला स्वयं सहायता समूहों और छोटे उद्यमियों को बेहतर बाजार, प्रशिक्षण, गुणवत्ता नियंत्रण और विपणन की सुविधाएं मिलती हैं, तो गांवों में रोजगार के नए अवसर विकसित हो सकते हैं।

भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में उत्तराखंड की भागीदारी प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक हुनर और स्थानीय उद्यमिता को राष्ट्रीय एवं वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *