Spread the love


“कम शोर, अधिक समाचार; कम सनसनी, अधिक उत्तरदायित्व”: श्री रजत शर्मा

पीसीआई अध्यक्ष न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) रंजना प्रकाश देसाई ने नैतिक, सटीक और उत्तरदायित्वपूर्ण पत्रकारिता पर जोर दिया

कृत्रिम बुद्धिमत्ता पत्रकारिता में सहायक हो सकती है, लेकिन संपादकीय विवेक और जवाबदेही का दायित्व मनुष्य के पास ही रहना चाहिए: सूचना एवं प्रसारण सचिव

भारतीय प्रेस परिषद ने ‘पत्रकारिता आचरण के मानदंडों’ का वर्ष 2026 का संस्करण जारी किया

PIB दिल्ली

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, रेल तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने आज नई दिल्ली स्थित आकाशवाणी भवन के रंगभवन सभागार में भारतीय प्रेस परिषद (पीसीआई) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय प्रेस दिवस समारोह को संबोधित किया।

लोकतंत्र को मजबूत बनाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए उन्होंने मीडिया जगत से जुड़े पेशेवरों का आह्वान किया कि वे तेजी से बदलते मीडिया परिदृश्य और प्रौद्योगिकीय प्रगति के अनुरूप स्वयं को ढालें। उन्होंने उत्तरदायित्वपूर्ण पत्रकारिता के मूल्यों को बनाए रखने तथा समाज के प्रति मीडिया के दायित्वों के निर्वहन के महत्व पर जोर दिया।

इस अवसर पर भारतीय प्रेस परिषद की अध्यक्ष न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) रंजना प्रकाश देसाई, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव श्री चंचल कुमार, मुख्य भाषण देने वाले प्रख्यात पत्रकार श्री रजत शर्मा तथा भारतीय प्रेस परिषद के सदस्य डॉ. सुधांशु त्रिवेदी उपस्थित थे।

इस वर्ष की थीम ‘पत्रकारिता : लोकलुभावन या उत्तरदायित्वपूर्ण’ ने सूचना के तेज़ी से प्रसार और डिजिटल माध्यमों के बढ़ते प्रभाव के दौर में पत्रकारिता की बदलती भूमिका को रेखांकित किया।

नागरिकों को सशक्त बनाने और समाज को मजबूत करने के लिए सामूहिक प्रयासों का श्री अश्विनी वैष्णव ने किया आह्वान

समारोह को संबोधित करते हुए श्री अश्विनी वैष्णव ने प्रौद्योगिकीय परिवर्तन की अभूतपूर्व गति को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में उतने बदलाव देखने को मिल सकते हैं, जितने पिछले दो दशकों में हुए हैं। उन्होंने युवा पत्रकारों को बदलावों को अपनाने और निरंतर अपने कौशल को उन्नत करने के लिए प्रोत्साहित किया।

डिजिटल प्लेटफॉर्म की जवाबदेही पर जोर देते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भ्रामक सूचनाओं, डीपफेक, गुमराह करने वाले विज्ञापनों, डिजिटल गिरफ्तारी और बच्चों को प्रभावित करने वाली हानिकारक सामग्री के बढ़ते मामलों के मद्देनजर केवल सामुदायिक दिशानिर्देश पर्याप्त हैं। उन्होंने इस बदलते मीडिया परिदृश्य के विनियमन के तरीकों पर विचार-विमर्श करने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि नागरिकों को सशक्त बनाया जा सके और उभरती चुनौतियों का समाधान किया जा सके।

श्री रजत शर्मा ने सनसनीखेज पत्रकारिता और उत्तरदायित्वपूर्ण पत्रकारिता के बीच की महीन रेखा को रेखांकित किया

मुख्य भाषण देते हुए श्री रजत शर्मा ने कहा कि सनसनीखेज पत्रकारिता और उत्तरदायित्वपूर्ण पत्रकारिता के बीच बहुत ही महीन रेखा होती है। उन्होंने संपादकीय विवेक और उत्तरदायित्वपूर्ण समाचार प्रस्तुति के महत्व पर बल दिया। आपातकाल, 26/11 के मुंबई आतंकवादी हमलों और ऑपरेशन सिंदूर के अपने अनुभवों का उल्लेख करते हुए उन्होंने विशेष रूप से राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों की रिपोर्टिंग के दौरान संयम, तथ्यों के सत्यापन और संवेदनशीलता बरतने की आवश्यकता पर जोर दिया। डिजिटल मीडिया तंत्र में अधिक जवाबदेही का आह्वान करते हुए उन्होंने पत्रकारों से आग्रह किया कि वे सनसनीखेज प्रस्तुति के बजाय सटीकता को प्राथमिकता दें। उन्होंने अपने संबोधन का समापन इस संदेश के साथ किया : “कम शोर, अधिक समाचार; कम सनसनी, अधिक उत्तरदायित्व।”

भारतीय प्रेस परिषद की अध्यक्ष ने प्रेस की स्वतंत्रता और पत्रकारिता के मानकों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई

भारतीय प्रेस परिषद की अध्यक्ष न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) रंजना प्रकाश देसाई ने प्रेस की स्वतंत्रता की रक्षा करने और पत्रकारिता के मानकों में सुधार लाने के प्रति परिषद की प्रतिबद्धता दोहराई। मीडिया परिदृश्य में तेजी से हो रहे बदलावों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकीय प्रगति के कारण अब कुछ ही सेकंड में लाखों लोगों तक सूचनाएं पहुंचना संभव हो गया है। उन्होंने कहा कि अब फोन और इंटरनेट कनेक्शन रखने वाला कोई भी व्यक्ति समाचार प्रसारित कर सकता है, लेकिन समाचार प्रस्तुत करने वाले सभी लोग पत्रकारिता के नैतिक मानकों में प्रशिक्षित नहीं होते और न ही उन मानकों का पालन करने के लिए बाध्य होते हैं।

कृत्रिम बुद्धिमत्ता के युग में सटीकता, संपादकीय विवेक और जवाबदेही का दायित्व मनुष्य के पास ही रहना चाहिए, पर श्री चंचल कुमार ने दिया जोर

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव श्री चंचल कुमार ने कहा कि पत्रकारिता में जनसहभागिता और विश्वसनीयता के बीच संतुलन बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि लोकप्रियता को सत्य से ऊपर नहीं रखा जाना चाहिए और न ही तेजी से प्रसारित होने वाली सामग्री को तथ्यों के सत्यापन से अधिक महत्व दिया जाना चाहिए। टीआरपी, क्लिक और डिजिटल माध्यमों पर दर्शकों की सहभागिता के बढ़ते प्रभाव पर प्रकाश डालते करते हुए उन्होंने संपादकीय विवेक, तथ्यों की जांच और समाचार तथा विचार के बीच अंतर स्पष्ट करने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता पत्रकारिता में सहायता कर सकती है, लेकिन वह किसी पत्रकार के दायित्व का निर्वहन नहीं कर सकती।

भारतीय प्रेस परिषद के सदस्य और राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने अंतरराष्ट्रीय सूचकांकों की समालोचनात्मक समीक्षा करने का आह्वान किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत के विकास की नई दिशा में आगे बढ़ने के साथ-साथ सत्यनिष्ठा और सूचनाओं का उत्तरदायित्वपूर्ण प्रसार अत्यंत आवश्यक हैं।

भारतीय प्रेस परिषद ने ‘पत्रकारिता आचरण के मानदंडों’ का वर्ष 2026 का संस्करण जारी किया

समारोह का एक प्रमुख आकर्षण भारतीय प्रेस परिषद द्वारा ‘पत्रकारिता आचरण के मानदंडों’ के वर्ष 2026 के संस्करण का जारी करना रहा। इसमें निम्नलिखित विषयों पर अद्यतन दिशा-निर्देश शामिल किए गए हैं:

  • प्राकृतिक आपदाओं और संघर्ष की स्थितियों के दौरान समाचारों की रिपोर्टिंग।
  • विरोध प्रदर्शनों और धरनों का समाचार कवरेज।
  • यौनकर्मियों और दिव्यांगजनों से संबंधित समाचारों की रिपोर्टिंग।
  • बच्चों की निजता का संरक्षण।
  • ऑनलाइन गेमिंग के संवर्धन एवं विनियमन अधिनियम, 2025 के अनुरूप ऑनलाइन धन संबंधी गेम्स के विज्ञापन।

भारतीय प्रेस परिषद के बारे में

भारतीय प्रेस परिषद की स्थापना वर्ष 1966 में संसद के एक अधिनियम के माध्यम से अर्ध-न्यायिक प्राधिकरण के रूप में की गई थी। वर्ष 1979 में इसका पुनर्गठन किया गया। इसका उद्देश्य प्रिंट मीडिया के लिए आंतरिक स्व-नियामक तंत्र उपलब्ध कराना है, ताकि स्वतंत्र और उत्तरदायित्वपूर्ण समाचार प्रस्तुति सुनिश्चित की जा सके। अपनी स्थापना के बाद से ही परिषद प्रेस की स्वतंत्रता की रक्षा एवं संरक्षण करने तथा देश में समाचार पत्रों और समाचार एजेंसियों के स्तर को ऊंचा उठाने के लिए निरंतर प्रयासरत रही है।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *