राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर डीआईपीआर डिजिटल पॉडकास्ट का शुभारंभ, सूचना महानिदेशक ने रिकॉर्ड किया पहला एपिसोड
देहरादून। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर जिला सूचना कार्यालय, देहरादून में डीआईपीआर डिजिटल पॉडकास्ट का औपचारिक शुभारंभ किया गया। सूचना महानिदेशक एवं एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्वयं पहला पॉडकास्ट रिकॉर्ड कर इस डिजिटल पहल की शुरुआत की।
इस अवसर पर सूचना महानिदेशक ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में पॉडकास्ट सूचना और संवाद का एक प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। इसके माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और जनहित से जुड़ी जानकारियों को आम जनता तक सरल एवं प्रभावी तरीके से पहुंचाया जा सकेगा।
फेक न्यूज से बचने की अपील
कार्यक्रम के दौरान सूचना महानिदेशक ने सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही फेक न्यूज के बढ़ते प्रभाव पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि डिजिटल दौर में प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है कि किसी भी सूचना को आगे साझा करने से पहले उसकी सत्यता की अच्छी तरह जांच कर लें।
उन्होंने कहा कि अपुष्ट और भ्रामक सूचनाओं का प्रसार समाज में भ्रम की स्थिति पैदा कर सकता है। इसलिए डिजिटल माध्यमों का उपयोग जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ किया जाना चाहिए।
डिजिटल संवाद को मिलेगा नया मंच
डीआईपीआर डिजिटल पॉडकास्ट की शुरुआत को सरकारी सूचनाओं और जनसंवाद के लिए एक नई डिजिटल पहल के रूप में देखा जा रहा है। इसके माध्यम से सरकारी योजनाओं, विकास कार्यों और जनहित के विषयों पर संवाद को व्यापक स्तर तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।
हालांकि, इस पहल की वास्तविक उपयोगिता इस बात पर भी निर्भर करेगी कि इसमें सरकारी उपलब्धियों के साथ-साथ जनसमस्याओं, नागरिकों के सवालों और जनहित से जुड़े मुद्दों को कितना स्थान दिया जाता है।
