Spread the love

जिला कारागार पौड़ी गढ़वाल में हेयर सैलून का शुभारंभ: बंदियों के सुधार एवं मानवाधिकारों की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल

सूचना/पौड़ी/3 जुलाई 2023:
जिला कारागार में बंदियों के पुनर्वास, सुधार एवं सम्मानजनक जीवन की भावना को सशक्त करने के उद्देश्य से आधुनिक हेयर सैलून का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिला न्यायाधीश धर्म सिंह उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान जिला न्यायाधीश द्वारा हेयर सैलून का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस पहल की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि कारागार केवल दंड का स्थान नहीं, बल्कि सुधार, पुनर्वास एवं समाज की मुख्यधारा से पुनः जुड़ने का माध्यम है। बंदियों को सम्मानजनक वातावरण एवं आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराना न्याय व्यवस्था की मानवीय भावना का महत्वपूर्ण अंग है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं व्यवस्थित हेयर सैलून की सुविधा से बंदियों में आत्मविश्वास, आत्मसम्मान एवं अनुशासन की भावना का विकास होगा। यह पहल न केवल उनकी दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति करेगी, बल्कि कारागार में सुधारात्मक एवं पुनर्वासात्मक वातावरण को भी और अधिक सुदृढ़ बनाएगी।

जेल अधीक्षक कौशल कुमार ने बताया कि यह हेयर सैलून उस सोच एवं विज़न का हिस्सा है, जिसके अंतर्गत जिला कारागार पौड़ी गढ़वाल में सुधारात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देते हुए बंदियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएँ, स्वच्छता, गरिमापूर्ण जीवन एवं उनके मानवाधिकारों के संरक्षण को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बंदी को सम्मान के साथ जीने का अवसर मिलना चाहिए तथा कारागार प्रशासन का उद्देश्य उन्हें सकारात्मक वातावरण प्रदान कर समाज की मुख्यधारा में पुनर्स्थापित होने के लिए प्रेरित करना है।

कार्यक्रम में एसएसपी सर्वेश पंवार सहित न्यायिक अधिकारी एवं अन्य उपस्थित रहे।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *