मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत के प्रथम सीमांत गांव माणा पहुंचकर क्षेत्र का भ्रमण किया और वहां आए श्रद्धालुओं व स्थानीय नागरिकों से संवाद किया।
SHABD,Dehradun, April 22,
22 अप्रैल 2026, चमोली:

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत के प्रथम सीमांत गांव माणा पहुंचकर क्षेत्र का भ्रमण किया और वहां आए श्रद्धालुओं व स्थानीय नागरिकों से संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुखद एवं प्लास्टिक मुक्त हरित यात्रा बनाने की अपील करते हुए सभी से पर्यावरण संरक्षण में सहयोग देने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री के आगमन पर माणा गांव की महिलाओं ने पारंपरिक मांगलगीत गाकर तथा स्थानीय उत्पाद भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गांव की शत
प्रतिशत “लखपति दीदियों” से मुलाकात कर उनके कार्यों की सराहना की उन्होंने महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे स्थानीय उत्पादों को गुणवत्तापूर्ण बताते हुए कहा कि ये उत्पाद न केवल स्थानीय आजीविका को सशक्त कर रहे हैं, बल्कि उत्तराखंड की पहचान को भी मजबूत कर रहे हैं। उन्होंने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की कि वे स्थानीय उत्पादों की खरीद कर क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत राज्य के सीमांत गांवों में आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि माणा गांव आज महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और सीमांत क्षेत्र के समग्र विकास का एक उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरा है, जहां सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और स्थानीय महिलाओं के परिश्रम ने विकास की एक नई मिसाल प्रस्तुत की है।

