कुंभ मेला-2027 के भव्य और व्यवस्थित आयोजन को लेकर तैयारियां तेज़
धर्मनगरी में अगले वर्ष 14 अप्रैल को मेष संक्रांति के अवसर पर प्रमुख अमृत स्नान (शाही स्नान) आयोजित होगा। मेले को सकुशल सुरक्षित और शांतिपूर्वक संपन्न करने के उद्देश्य से मेला प्रशासन ने जोरों से तैयारियां शुरू कर दी है।
SHABD,Dehradun, April 15,
15 अप्रैल 2026, हरिद्धार:
कुंभ मेला 2027 के भव्य और व्यवस्थित आयोजन को लेकर प्रशासन ने तैयारियों को और तेज कर दिया है। धर्मनगरी में अगले वर्ष 14 अप्रैल को मेष संक्रांति के अवसर पर प्रमुख अमृत स्नान (शाही स्नान) आयोजित होगा। मेले को सकुशल सुरक्षित और शांतिपूर्वक संपन्न करने के उद्देश्य से मेला प्रशासन ने जोरों से तैयारियां शुरू कर दी है।
कुंभ में स्नान पर्व की तिथियों की जानकारी देते हुए कुंभ मेला अधिकारी सोनिका ने बताया कि 14 अप्रैल 2027 को मकर संक्रांति के प्रमुख अमृत स्नान के अलावा महाशिवरात्रि का अमृत स्नान 6 मार्च को जबकि फागुन अमावस्या का अमृत स्नान 8 मार्च को होगा।
इस बीच मेलाधिकारी सोनिका ने बैसाखी के अवसर पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर कुंभ मेला की तैयारियों एवं चुनौतियों की जमीनी पड़ताल की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ मेला में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगमता, सुविधा और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सभी तैयारियों की माइक्रो प्लानिंग की जा रही है तथा चुनौतियों के प्रभावी समाधान के लिए समन्वित प्रयास आवश्यक हैं।
