Spread the love

कार्यालय जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल

रैलियों और प्रतियोगिताओं से छात्रों को किया जाएगा जागरुक

सूचना/पौड़ी/31 मार्च 2026:
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में मंगलवार को राजकीय इंटर कॉलेज, पौड़ी नगर में एंटी ड्रग यूनिट का गठन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरुक करते हुए समाज में नशा उन्मूलन का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में सिविल जज/सचिव नाजिश कलीम ने यूनिट के उद्देश्य, कार्यप्रणाली और प्रभावी क्रियान्वयन की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एंटी ड्रग यूनिट का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना और समाज में जागरुकता लाना है। उन्होंने बताया कि यह यूनिट विद्यालय स्तर पर एक सक्रिय जागरूकता एवं निगरानी समूह के रूप में कार्य करेगी, जिसमें छात्र-छात्राएं और शिक्षक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। यूनिट के माध्यम से समय-समय पर जागरूकता रैलियां, गोष्ठियां, निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि नशा एक गंभीर सामाजिक समस्या है, जो युवाओं के भविष्य को प्रभावित कर रही है। नशीले पदार्थों का सेवन व्यक्ति के शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार और समाज के लिए भी हानिकारक है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने को कहा।

इसके अलावा विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं नालसा की थीम “एक मुट्ठी आसमान” और “तुम गिरना मत” पर आधारित शॉर्ट वीडियो तथा ड्रग अवेयरनेस से जुड़े वीडियो भी दिखाई गयी।

इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी मास्टर आदर्श, प्रधानाचार्य वेद प्रकाश डोभाल, शिक्षक रामेश्वर प्रसाद डोबरियाल सहित छात्र अभिषेक नेगी, अरुण और विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं व छात्र उपस्थित रहे।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *