कोटद्वार प्रेस क्लब की बैठक में महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित
नई सदस्यता, कार्यालय व्यवस्था और चुनाव कार्यक्रम तय
कोटद्वार। कोटद्वार प्रेस क्लब की एक महत्वपूर्ण बैठक आज दिनांक 21 दिसंबर 2025 को माननीय अध्यक्ष श्री चंद्र मोहन शुक्ला की अध्यक्षता में एक होटल में आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से कई अहम प्रस्ताव पारित किए गए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि नई सदस्यता हेतु आवेदक का स्नातक उत्तीर्ण होना अनिवार्य होगा। दैनिक समाचार पत्रों के लिए कोटद्वार से संचालित पौड़ी जनपद के सात विकासखण्डों—दुगड्डा, द्वारीखाल, यमकेश्वर, रिखणीखाल एवं बीरोंखाल—में कार्यरत पत्रकारों को सदस्यता दी जाएगी। इसके लिए न्यूनतम 10 वर्ष का कार्य अनुभव अनिवार्य होगा, जिसकी जांच प्रेस क्लब द्वारा गठित स्क्रीनिंग कमेटी करेगी।
इसके साथ ही विधिवत पंजीकृत न्यूज पोर्टल से जुड़े पत्रकारों को भी सदस्यता देने पर सहमति बनी। शर्त यह होगी कि संबंधित पत्रकार के पास इलेक्ट्रॉनिक अथवा प्रिंट मीडिया में कम से कम 10 वर्ष का अनुभव हो।
बैठक में यह भी तय किया गया कि जनपद से प्रकाशित होने वाले साप्ताहिक, पाक्षिक एवं मासिक पत्रों के दो पत्रकारों को सदस्यता दी जाएगी, जिसमें एक संपादक तथा संपादक द्वारा संस्तुत एक सहयोगी पत्रकार शामिल होगा। नियम एवं शर्तें पूर्ववत रहेंगी।
बैठक में प्रस्तुत आय–व्यय विवरण को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।
नई सदस्यता के लिए निम्नलिखित स्क्रीनिंग कमेटी गठित की गई—
अध्यक्ष: श्री अजय खन्तवाल
सदस्य: श्री चंद्र मोहन शुक्ला, श्री सुभाष चंद्र नौटियाल, श्री विमल ध्यानी, श्री चंद्रेश लखेडा, श्री चंद्रजीत बिष्ट एवं श्री विवेक बनियाल।
नई सदस्यता के आवेदन 5 जनवरी 2026 को सायं 5 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे।
सदस्यता नवीनकरण शुल्क ₹200, जबकि नई सदस्यता शुल्क ₹1000 निर्धारित किया गया है। आवेदन निरस्त होने की स्थिति में शुल्क वापस नहीं किया जाएगा।
स्क्रीनिंग के बाद 12 जनवरी 2026 को वैध सदस्यता सूची जारी की जाएगी।
प्रेस क्लब कार्यालय हेतु सिताबपुर पंचायत घर में फिलहाल एक कक्ष की व्यवस्था भूमि-भवन समिति के अध्यक्ष श्री अजय खन्तवाल द्वारा की जाएगी। कक्ष के रंग-रोगन, फर्नीचर आदि के लिए प्रेस क्लब खाते से ₹50 हजार तक खर्च की अनुमति दी गई।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि नई कार्यकारिणी के चुनाव 18 जनवरी 2026 को कराए जाएंगे।
चुनाव अधिकारी वरिष्ठ सदस्य श्री नरेंद्र सिंह नेगी, चुनाव पर्यवेक्षक जिला सूचना अधिकारी श्री योगेश पोखरियाल तथा सहायक चुनाव अधिकारी श्री अरविंद दुदपुड़ी होंगे।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।
