केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री श्री सर्बानंद सोनोवाल ने दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता की उपस्थिति में इस परियोजना का उद्घाटन किया
सोनिया विहार-जगतपुर मार्ग पर 30 सीटों वाला इलेक्ट्रिक जहाज़ उतारा गया; इस पहल का उद्देश्य दिल्ली में सतत पर्यटन को बढ़ावा देना है
एक शानदार लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से यमुना की पौराणिक कथाओं और विरासत को जीवंत किया जाएगा
यमुना क्रूज़ दिल्ली में नदी पर्यटन की एक नई लहर का संकेत है: श्री सर्बानंद सोनोवाल
दिल्ली के रिवरफ्रंट को एक आकर्षक सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं: श्रीमती रेखा गुप्ता
PIB Delhi
दिल्ली ने अपनी नदी-आधारित पर्यटन सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। सोनिया विहार में आज केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री श्री सर्बानंद सोनोवाल ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की उपस्थिति में यमुना नदी पर पहली मनोरंजक ‘यमुना रिवर क्रूज़’ सेवा का उद्घाटन किया।
सोनिया विहार-जगतपुर खंड पर विकसित की गई इस पहल का उद्देश्य यमुना की पर्यटन और मनोरंजन क्षमताओं का उपयोग करना है। इसके साथ ही स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को राष्ट्रीय राजधानी का अनुभव करने का एक नया माध्यम प्रदान करना है। यह शुरुआत केंद्र सरकार के उस प्रयास में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जिसके अंतर्गत भारत की नदियों को पर्यटन, यात्री आवागमन और आर्थिक गतिविधियों के जीवंत केंद्रों के रूप में विकसित किया जा रहा है।
इस उद्घाटन समारोह में पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर; सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा; दिल्ली सरकार के लोक निर्माण विभाग तथा सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह; पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा; वन एवं पर्यावरण तथा उद्योग मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और सांसद मनोज तिवारी शामिल हुए। इनके अलावा, केंद्र और दिल्ली सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे, जिनमें पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के सचिव विजय कुमार, दिल्ली सरकार के मुख्य सचिव राजीव वर्मा और भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआई) के अध्यक्ष सुशील कुमार लोहानी शामिल थे।
श्री सर्बानंद सोनोवाल ने उद्घाटन के अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि यह परियोजना प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की विशाल अंतर्देशीय जलमार्ग क्षमताओं का उपयोग करने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता दर्शाती है।
श्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में, भारत की नदियां और अंतर्देशीय जलमार्ग आर्थिक विकास, पर्यटन और टिकाऊ संपर्क के महत्वपूर्ण आधार बन रहे हैं। यमुना पर दिल्ली की पहली मनोरंजक क्रूज सेवा की शुरुआत, लोगों को हमारी नदियों से फिर से जोड़ने और उनकी अपार संभावनाओं को उजागर करने की दिशा में एक और कदम है। यह शुरुआत शहर में नदी-पर्यटन की एक नई लहर का संकेत देती है। हम जलमार्गों को पर्यटन, व्यापार और आजीविका के साधनों में बदल रहे हैं, साथ ही स्वच्छ और अधिक कुशल परिवहन की दिशा में अपनी प्रतिबद्धता को भी आगे बढ़ा रहे हैं। यह ‘विकसित भारत’ के निर्माण की हमारी परिकल्पना का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।”
इस परियोजना में 30 सीटों वाला एक इलेक्ट्रिक क्रूज जहाज शामिल है, जो पर्यटकों को नदी के लगभग 6 किलोमीटर के दायरे में एक सुंदर सफर का अनुभव कराता है। इलेक्ट्रिक जहाजों का उपयोग, स्वच्छ और टिकाऊ परिवहन के लिए आंतरिक जलमार्गों की संभावनाओं को दर्शाता है।
श्रीमती रेखा गुप्ता ने कहा कि यह पहल दिल्ली के पर्यटन क्षेत्र में एक नया आयाम जोड़ेगी और यमुना के साथ लोगों के जुड़ाव को और मजबूत करेगी।
श्रीमती रेखा गुप्ता ने कहा, “यमुना दिल्ली के इतिहास, संस्कृति और पहचान का एक अभिन्न अंग है। यह मनोरंजक क्रूज सेवा यहां के निवासियों और पर्यटकों को नदी का अनुभव करने का एक नया माध्यम प्रदान करेगी, साथ ही पर्यटन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों के लिए नए अवसर भी पैदा करेगी। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के गतिशील नेतृत्व में, हम दिल्ली के रिवरफ्रंट को एक आकर्षक सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसमें बेहतर सुविधाएं, टिकाऊ बुनियादी ढांचा और ऐसे अनुभव शामिल होंगे जो शहर की विरासत का प्रदर्शन करते हैं।”
एक व्यापक पर्यावरण अनुकूल पर्यटन स्थल के रूप में परिकल्पित, यमुना परियोजना में कई तरह के मनोरंजन के साधन और आगंतुकों के लिए सुविधाएं शामिल हैं। इसका एक मुख्य आकर्षण एक संगीतमय फव्वारा है, जिसमें लाइट एंड साउंड शो के जरिए यमुना के इतिहास और आध्यात्मिक महत्व को दर्शाया गया है। इसमें सूर्य देव और यमराज के साथ यमुना के संबंध और भगवान श्री कृष्ण की दिव्य लीलाओं, विशेष रूप से प्रसिद्ध ‘कालिया दमन’ को दिखाया गया है।
इस जगह पर एक फूड कोर्ट, शॉपिंग एरिया, बच्चों के लिए प्ले ज़ोन और एडवेंचर स्पोर्ट्स की सुविधाएं भी हैं, जिनमें स्केटिंग और रॉक क्लाइम्बिंग शामिल हैं। आगंतुकों को सुविधा देने के लिए यहाँ आधुनिक फ्लोटिंग जेटी, अलग टिकट काउंटर, ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा, रेस्ट रूम, प्रतीक्षा स्थल और रोशनी से जगमगाते रास्ते बनाए गए हैं।
‘राष्ट्रीय जलमार्ग अधिनियम, 2016’ के अंतर्गत यमुना को ‘राष्ट्रीय जलमार्ग-110’ घोषित किया गया है। क्रूज़ सेवा की शुरुआत, राष्ट्रीय राजधानी में मनोरंजन और नदी-आधारित पर्यटन के लिए इस जलमार्ग को विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
यह पहल भारत के अंतर्देशीय जलमार्गों के व्यापक राष्ट्रीय कायाकल्प का हिस्सा है। राष्ट्रीय जलमार्गों पर माल ढुलाई वर्ष 2013-14 के 18 मिलियन मीट्रिक टन से बढ़कर वर्ष 2025-26 में 218 मिलियन मीट्रिक टन हो गई है, जो देश के लॉजिस्टिक्स नेटवर्क में जलमार्गों की बढ़ती भूमिका को दर्शाती है। जलमार्गों पर माल ढुलाई की लागत लगभग 1.06 रुपये प्रति टन प्रतिकिलोमीटर आती है, जबकि रेल मार्ग से यह 1.41 रुपये और सड़क मार्ग से 2.28 रुपये प्रति टन प्रति किलोमीटर पड़ती है। इस तरह, अंतर्देशीय जलमार्ग माल ढुलाई के लिए एक किफायती विकल्प प्रदान करते हैं।
इस विस्तार का एक और उभरता हुआ पहलू ‘रिवर क्रूज़ टूरिज्म’ यानी नदी आधारित क्रूज़ पर्यटन है। रात भर की यात्रा कराने वाले रिवर क्रूज़ जहाजों की संख्या वर्ष 2013-14 में 5 थी, जो वर्ष 2025-26 में बढ़कर 26 हो गई है। ‘एमवी गंगा विलास’ की ऐतिहासिक यात्रा इसका एक प्रमुख उदाहरण है। इसे ‘लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ में दुनिया के सबसे लंबे रिवर क्रूज़ के रूप में मान्यता दी गई है। भारत और बांग्लादेश में 3,200 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करने वाली इस यात्रा ने 50 पर्यटन स्थलों को जोड़ा है और यह दो देशों, पांच राज्यों और 27 नदी प्रणालियों से होकर गुज़रती है।
आधारित क्रूज़ पर्यटन है। रात भर की यात्रा कराने वाले रिवर क्रूज़ जहाजों की संख्या वर्ष 2013-14 में 5 थी, जो वर्ष 2025-26 में बढ़कर 26 हो गई है। ‘एमवी गंगा विलास’ की ऐतिहासिक यात्रा इसका एक प्रमुख उदाहरण है। इसे ‘लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ में दुनिया के सबसे लंबे रिवर क्रूज़ के रूप में मान्यता दी गई है। भारत और बांग्लादेश में 3,200 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करने वाली इस यात्रा ने 50 पर्यटन स्थलों को जोड़ा है और यह दो देशों, पांच राज्यों और 27 नदी प्रणालियों से होकर गुज़रती है।
‘यमुना रिवर क्रूज़ सेवा’ को भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण द्वारा विकसित किया गया है। यह कार्य ‘पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय’ के अंतर्गत, ‘दिल्ली विकास प्राधिकरण’, ‘दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम’, ‘दिल्ली जल बोर्ड’ और दिल्ली सरकार के ‘सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग’ के सहयोग से किया गया है।










***
