Spread the love


राज्य के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर मामले की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले से राजस्थान के एक ईंट भट्टे पर जा रही बस में क्षमता से अधिक 50 मजदूर सवार थे

PIB Delhi

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी), भारत ने उस मीडिया रिपोर्ट का स्वतः संज्ञान लिया है जिसमें बताया गया है कि 50 से अधिक मजदूरों को ले जा रही एक निजी बस में ऊपर से गुजर रहे 11 किलोवाट के बिजली के तार से टकराने के बाद आग लग गई थी। इस घटना में दो मजदूरों की मौत हो गई और दस अन्य घायल हो गए थे। यह घटना 29 अक्टूबर 2025 को जयपुर-दिल्ली राजमार्ग पर मनोहरपुर गाँव के पास हुई। मजदूर उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले से राजस्थान के एक ईंट भट्टे पर जा रहे थे।

आयोग ने टिप्पणी की है कि यदि समाचार रिपोर्ट के तथ्य सही हैं, तो यह पीड़ितों के मानवाधिकारों के उल्लंघन के गंभीर मुद्दे को उजागर करती है। इसलिए, आयोग ने मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक, राजस्थान को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर मामले की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

29 अक्टूबर 2025 को प्रकाशित मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, घटना के समय बस गांव के पास एक आंतरिक सड़क को पार कर रही थी। खचाखच भरी हुई बस की छत पर रखे घरेलू सामान और गैस सिलेंडर बिजली के तारों को छू गए जिसके बाद यह घटना हुई।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *