Spread the love

कार्यालय, जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल

मा. मुख्यमंत्री के निर्देशन में जनता को मिले बेहतर सड़क सुविधा, जिलाधिकारी ने दी विभागों को चेतावनी

गड्ढामुक्त सड़कों की दिशा में विभाग मिशन मोड में कार्य करें: जिलाधिकारी

सूचना/पौड़ी/28 अक्टूबर 2025:
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने मंगलवार को एनआईसी कक्ष में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में “गड्ढामुक्त सड़क अभियान” की प्रगति की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई सहित सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि मुख्य, उपमार्ग एवं ग्रामीण सड़कों को शीघ्र गड्ढामुक्त किया जाए। साथ ही कहा कि सड़कों के किनारे नालियों की सफाई और झाड़ी कटान का कार्य मिशन मोड पर पूरी गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि इस अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़कों की स्थिति में सुधार केवल कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देना चाहिए। सभी विभाग पैचवर्क कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता न करें।

उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक डिवीजन अपने क्षेत्र में हुए कार्यों की फोटोग्राफ सहित रिपोर्ट प्रस्तुत करे। जहां मरम्मत कार्य चल रहा है, उसे जल्द से जल्द पूर्ण किया जाए ताकि जनता को यातायात में किसी प्रकार की असुविधा न हो। जिलाधिकारी ने प्रांतीय खंड पौड़ी को निर्देशित किया कि कंडोलिया पार्क के पास पानी की निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करें, जिससे बरसात के समय जलभराव न हो।

जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रांतर्गत सड़कों का नियमित निरीक्षण करें और प्रत्येक दो दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से सड़कों का पुनः निरीक्षण करें तथा प्रत्येक मार्ग की लंबाई और स्थिति का विस्तृत विवरण रिपोर्ट के साथ प्रस्तुत करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि गड्ढामुक्त सड़क प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए इससे संबंधित किसी भी समस्या का तत्काल निस्तारण किया जाय। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहें, सड़कों की स्थिति पर निगरानी रखें और किसी भी समस्या की सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दें, ताकि शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने कहा कि सभी विभाग मार्गवार रिपोर्ट तैयार करें, जिसमें सड़कों की वर्तमान स्थिति, मरम्मत की प्रगति और आवश्यक कार्यों का पूरा विवरण हो। साथ ही उन्होंने कहा कि जो ठेकेदार कार्यों में लापरवाही बरत रहे हैं, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्हें स्पष्ट कहा कि पाइपलाइन लीकेज वाले मार्गों को चिन्हित किया जाए और बिना अनुमति किसी भी सड़क की खुदाई न की जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि आपदा के स्वीकृत कार्य गुणवत्तापूर्ण रूप से एवं समय से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतें सात दिनों से अधिक लंबित न रहें। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसी शिकायतों का समाधान कर आवेदक को भी सूचित किया जाय।

बैठक में सभी उपजिलाधिकारी, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, तहसीलदार एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *