जयहरीखाल। सरकार जनता द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्य बाजार में चौपाल का आयोजन किया गया। संस्कृत, शिक्षा, जनगणना एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग के सचिव की मौजूदगी में ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और अन्य विभागों की समस्याओं को उठाया। सचिव ने तय समय सीमा में समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।
मंगलवार को हुई चौपाल में सचिव दीपक कुमार ने कहा कि चौपाल लगाने का उद्देश्य जन समस्याओं का त्वरित निवारण करना और प्रशासन व जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। प्रशासक शिवानी ने जयहरी-मैंदोली मोटर मार्ग, लिंगवाड़ा के ग्रामीणों ने पेजयल की समस्या, खूंडोली गांव में अमृत सरोवर सही नहीं बनने, प्रमोद सिंह ने जयहरीखाल इंटर कॉलेज का कार्य अधूरा होने सहित अन्य लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं। सचिव ने संबंधी अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने होम स्टे का पंजीकरण नहीं होने पर बीडीओ जयहरीखाल व दुगड्डा की अध्यक्षता में कमेटी बनाकर होम स्टे का निरीक्षण कर समाधान के निर्देश दिए हैं। उन्होंने एई लोनिवि को जयहरी-मैंदोली मोटर मार्ग का मुआवजा ग्रामीणों को दिलाने, पेयजल निगम के अधीक्षण अभियंता को जयहरीखाल पंपिंग योजना का निरीक्षण कर अधूरी लाइनों को पूरा करने के निर्देश दिए।जीआईसी जयहरीखाल में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी नहीं होने की शिकायत पर शिक्षा महानिदेशक को पत्राचार करने के निर्देश दिए। साथ ही कॉलेज का कार्य अधूरा होने की शिकायत पर महानिदेशक शिक्षा व हंस फाउंडेशन को एक सप्ताह में बैठक कर आगे की कार्रवाई के लिए कहा। खूंडोली गांव में अमृत सरोवर का कार्य संतोषजनक नहीं होने की शिकायत पर उन्होंने सीडीओ को जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को जनता के बीच जाकर समस्या सुनने और मौके पर ही समाधान करने के लिए कहा। उन्हें मुख्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। प्रशिक्षु आईएएस व लैंसडौन तहसीलदार दीक्षिता जोशी, जिला पर्यटन अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, बीईओ अमित कुमार आदि अधिकारी उपस्थित रहे। सचिव ने चौपाल के बाद जीआईसी जयहरीखाल का निरीक्षण भी किया।
