Spread the love

जयहरीखाल ब्लॉक के अंतर्गत प्लेन नदी किनारे बसे देवलखेत गांव के ग्रामीणों ने पुल निर्माण की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि वह वर्षों से पुल के निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

दुगड्डा-सेंधीखाल-ढौंटियाल मोटर मार्ग पर प्लेन नदी से सटे ग्राम देवलखेत में खच्चरवाड़ी और कलेथा तोक को मिलाकर करीब 30 परिवार रहते हैं। बरसात में प्लेन नदी में उफान आने पर जून से लेकर सितंबर माह तक पुल के अभाव में गांव का सड़क संपर्क पूरी तरह कट जाता है। नौनिहालों का नदी व बरसाती नालों को पार कर विद्यालय जाना बेहद जोखिमपूर्ण हो जाता है। ग्रामीण नंदन सिंह नेगी ने कहा कि नदी को पार करते समय उनके पिता की अकाल मौत हो चुकी है। वह कई बार पुल निर्माण की मांग कर चुके हैं, लेकिन अभी तक शासन प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की। ग्रामीण राजेंद्र प्रसाद द्विवेदी, ललित मोहन द्विवेदी व दिवाकर घिल्डियाल ने बताया कि ग्रामीण कई वर्षों से पैदल पुल या ट्रॉली व्यवस्था को लेकर सरकार व जनप्रतिनिधियों से लगातार मांग कर रहे हैं, लेकिन गांव की जनसंख्या कम होने से ग्रामीणों की मांग की अनदेखी की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि शासन ने शीघ्र ही उनकी समस्या का समाधान नहीं किया, तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। पुल निर्माण की मांग दोहराते हुए प्रदर्शन करने वालों में मोहनलाल बैंठियाल, वीरेंद्र प्रसाद द्विवेदी, सुरेंद्र प्रसाद द्विवेदी, सोहनलाल द्विवेदी, कलावती देवी और रंजना देवी आदि शामिल रहे।फिलहाल प्लेन नदी में पुल निर्माण का प्रस्ताव नहीं है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधि की ओर से प्रस्ताव मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। – कपिल चौहान, अवर अभियंता, लोनिवि दुगड्डा


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *