देहरादून में आज रात 10:05 बजे बजेगा एयर रेड अलर्ट सायरन, तीन स्थानों पर होगी नाइट मॉक ड्रिल
ब्लैकआउट और हवाई हमले जैसी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों का होगा परीक्षण, रात 10:30 बजे बजेगा ऑल क्लियर सायरन

देहरादून। आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से 28 नवंबर 2026 की रात्रि को सिविल डिफेंस द्वारा जनपद में ‘नाइट एयर रेड’ एवं ‘ब्लैकआउट’ मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी।
मॉक ड्रिल के तहत रात 10:05 बजे एयर रेड अलर्ट के संकेत के रूप में लगातार दो मिनट तक सायरन बजाया जाएगा। इस दौरान सिविल डिफेंस की टीम एयर रेड हमले की सूचना जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) को देगी।
इसके बाद रात लगभग 10:30 बजे दोबारा दो मिनट तक सायरन बजाकर ‘ऑल क्लियर’ का संकेत दिया जाएगा। यह संकेत मॉक ड्रिल के समापन और स्थिति सामान्य होने को दर्शाएगा।
तीन स्थानों पर होगा अभ्यास
जिला प्रशासन ने मॉक ड्रिल के लिए देहरादून में तीन स्थान चिह्नित किए हैं। इनमें शामिल हैं:
- कैपरी ट्रेड सेंटर, चकराता रोड।
- बन्नू स्कूल, रेसकोर्स।
- DEAL, रायपुर रोड।
जिला प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि रात में सायरन सुनकर घबराएं नहीं और न ही किसी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान दें। यह पूरी तरह से पूर्व निर्धारित मॉक ड्रिल है।
इस अभ्यास का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में संबंधित विभागों एवं एजेंसियों की सतर्कता, आपसी समन्वय, संचार व्यवस्था और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का आकलन करना है।
आमजन के लिए जरूरी सूचना: 28 नवंबर की रात 10:05 बजे और लगभग 10:30 बजे बजने वाले सायरन को वास्तविक हवाई हमले का संकेत न समझें। यह केवल नागरिक सुरक्षा तैयारियों का अभ्यास है।
