Spread the love

उत्तराखण्ड में एकल महिलाओं को मिलेगी नई पहचान, भरण-पोषण योजना का नाम हुआ ‘मुख्यमंत्री एकल नारी सम्मान योजना’

धामी सरकार का फैसला, विधवा, परित्यक्ता और निराश्रित अविवाहित महिलाओं के सम्मान एवं आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में कदम

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड सरकार ने निराश्रित महिलाओं के कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। राज्य में संचालित भरण-पोषण अनुदान योजना का नाम बदलकर अब ‘मुख्यमंत्री एकल नारी सम्मान योजना’ कर दिया गया है।

इस संबंध में सचिव, उत्तराखण्ड शासन डॉ. श्रीधर बाबू अद्यांकि ने निदेशक, समाज कल्याण उत्तराखण्ड को पत्र भेजकर योजना के नाम में संशोधन की जानकारी दी है।

शासनादेश के अनुसार, निराश्रित विधवा महिलाओं के भरण-पोषण अनुदान के साथ-साथ परित्यक्ता विवाहित महिलाओं और निराश्रित अविवाहित महिलाओं के लिए संचालित भरण-पोषण अनुदान योजना को अब एकीकृत पहचान देते हुए मुख्यमंत्री एकल नारी सम्मान योजना नाम दिया गया है।

सरकार के इस फैसले को केवल योजना के नाम में बदलाव के बजाय एकल महिलाओं को सम्मानजनक सामाजिक पहचान देने की पहल के रूप में देखा जा रहा है। इसका उद्देश्य ऐसी महिलाओं के प्रति सामाजिक दृष्टिकोण को सकारात्मक बनाना और उन्हें आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के सरकारी प्रयासों को नई पहचान देना है।

हालांकि, योजना का नाम बदलने के साथ अनुदान राशि, पात्रता और लाभार्थियों की संख्या में किसी बदलाव की जानकारी इस घोषणा में नहीं दी गई है।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *