उत्तराखंड संस्कृत विवि के नये कुलपति बने प्रो देवी प्रसाद त्रिपाठी
श्री लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विद्यापीठ के वास्तु शास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो देवी प्रसाद त्रिपाठी उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय के नए कुलपति नियुक्त किए गए हैं। राज्यपाल बेबीरानी मौर्य ने तीन वर्ष के लिए नए कुलपति की नियुक्ति की है। प्रो त्रिपाठी मूल रूप से चमोली जिले के नंदप्रयाग के ग्राम मोखमल्ला के रहने वाले हैं।
उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो पीयूषकांत दीक्षित का कार्यकाल आगामी 28 फरवरी को पूरा हो रहा है। नए कुलपति की नियुक्ति उक्त तिथि के बाद प्रभावी होगी। प्रो त्रिपाठी श्री लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विद्यापीठ में आचार्य पद पर पिछले 14 वर्ष दो माह से कार्यरत हैं। उनका जन्म 25 दिसंबर, 1965 को हुआ था। उन्होंने संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय वाराणसी, उत्तरप्रदेश से वर्ष 1987 में सिद्धांत ज्योतिष में आचार्य की उपाधि प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की। 1994 में काशी ¨हदू विश्वविद्यालय वाराणसी से पीएचडी की। इसी वर्ष उन्होंने योग में डिप्लोमा भी लिया। उन्होंने मार्च, 1987 में जोशीमठ के संस्कृत विद्यालय से अध्यापन की शुरुआत की। 23 दिसंबर, 1997 को उनकी श्री लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विद्यापीठ, नई दिल्ली में व्याख्याता के रूप में नियुक्ति हुई थी।
प्रो त्रिपाठी दिल्ली विश्वविद्यालय के संस्कृत विभाग में स्नातकोत्तर कक्षाओं में वर्ष 2000 से 2006 तक अतिथि प्राध्यापक के रूप में भी अध्यापन कर चुके हैं।
