मौसम विभाग ने 14 और 15 फरवरी को उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है।

पहाड़ों में मौसम फिर करवट बदल सकता है। मौसम विभाग ने 14 और 15 फरवरी को उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। देहरादून, ऊधमसिंहनगर, नैनीताल, पौड़ी, टिहरी और हरिद्वार में बारिश की चेतावनी दी गई है। जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। मैदानी इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टी हो सकती है। तीन हजार मीटर से ज्यादा ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात होगा।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश में दो दिन बारिश की संभावना बन रही है। राज्य में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की वजह से बारिश-बर्फबारी होगी। मैदानी इलाकों ऊधमसिंहनगर और हरिद्वार में मध्यम स्तर का कोहरा छा सकता है। आपको बता दें कि सर्दी के इस सीजन में उत्तराखंड में कम ऊंचाई वाले पहाड़ों पर तीन बार बर्फबारी हो चुकी है, जबकि बारिश चार बार हुई है। बारिश-बर्फबारी की वजह से ठंड बढ़ गई है, तापमान में भी गिरावट आई है। लोगों को ठंड से राहत नहीं मिल रही। पहाड़ों में एक बार फिर बारिश-बर्फबारी के आसार बन रहे हैं।
