Spread the love


पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग 9वें राष्ट्रीय अनुभव पुरस्कार समारोह और 60वीं सेवानिवृत्ति-पूर्व परामर्श कार्यशाला का आयोजन करेगा

पेंशन मित्र और राष्ट्रव्यापी डीएलसी अभियान 5 के दिशानिर्देशों पर पुस्तिका जारी की जाएगी

PIB Delhi

पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग (डीओपीपीडब्ल्यू), कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय, 17 अगस्त, 2026 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में 9वें राष्ट्रीय अनुभव पुरस्कार समारोह और 60वीं सेवानिवृत्ति-पूर्व परामर्श (पीआरसी) कार्यशाला का आयोजन करेगा। ये कार्यक्रम कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह के तत्वावधान में आयोजित किए जाएंगे।

‘अनुभव’ मंच केंद्र सरकार के सेवानिवृत्त होने वाले/सेवानिवृत्ति प्राप्त कर्मचारियों, 12 सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के कर्मचारियों को सरकार में कार्य करने के अपने अनुभव साझा करने के लिए एक मंच प्रदान करता है।

राष्ट्रीय अनुभव पुरस्कार योजना, 2026 के लिए चयनित 15 पुरस्कार विजेताओं ने राष्ट्र निर्माण में योगदान दिया है और भारत सरकार की विभिन्न महत्वाकांक्षी परियोजनाओं, जैसे पासपोर्ट सेवा केंद्र, पुराने नियमों को निरस्त करना और वर्तमान परिदृश्य के अनुकूल नए नियमों का निर्माण, प्रशासन और लेखांकन में तकनीकी अनुकूलन, ऊर्जा संरक्षण आदि का हिस्सा रहे हैं।

डॉ. जितेंद्र सिंह 9वें राष्ट्रीय अनुभव पुरस्कार समारोह में उन्हें राष्ट्रीय अनुभव पुरस्कार, 2026 प्रदान करेंगे।

भारत सरकार के सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों, मुख्य रूप से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में कार्यरत कर्मचारियों के लिए 60वीं सेवानिवृत्ति-पूर्व परामर्श कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है, जिससे उन्हें सेवानिवृत्ति लाभों के समय पर भुगतान के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी मिल सके।

कार्यक्रम में पेंशन मित्र पर पुस्तिका और राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र (डीएलसी) अभियान 5 के लिए दिशानिर्देश भी जारी किए जाएंगे।

कार्यक्रम के तहत एक बैंक प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें 17 पेंशन वितरण बैंक सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के लिए तैयार किए गए अपने उत्पादों और सेवाओं का प्रदर्शन करेंगे।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *