Spread the love

वैश्विक महामारी कोविड-19 के दृष्टिगत मा. क्षेत्रीय विधायक पौड़ी मुकेश सिंह कोली व जिलाधिकारी गढ़वाल डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे ने आज जिला अस्पताल पौड़ी, जीआईसी पौड़ी टीकाकरण स्थल तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोट का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया तथा उपचार एवं टीकाकरण के लिए पहुंचे लोगो का हाल-चाल जाना। जबकि विधायक श्री कोली ने कोविड-19 मानकानुरूप पीपीई किट पहनकर जिला अस्पताल पौड़ी में कोरोना संक्रमित वार्ड में पहुंचकर उनका हाल-चाल जाना। साथ ही डाॅक्टरों द्वारा दिये जा रहे स्वास्थ्य उपचार की जानकारी रोगियो से ली, जिस पर रोगियों ने अच्छे खान-पान मिलने की बात कही।
मा. विधायक श्री कोली ने जिला अस्पताल पौड़ी में जनरल वार्ड, सर्जिकल वार्ड, पैथोलॉजी लेब, पर्ची काउंटर, आईसीयू कक्ष, कोविड संक्रमित वार्ड का निरीक्षण करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने निर्देशित किया कि कोविड-19 संक्रमण के दृष्टिगत गंभीरता के साथ कार्य करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कोविड-19 से संक्रमित मरीजों से बात कर उनका हाल-चाल जाना। उन्होंने कहा कि अस्पताल में कोरोना से लड़ने के लिए पर्याप्त मात्रा में सामाग्री उपलब्ध है। जिला अस्पताल के लिए एक हजार एलपीएम ऑक्सीजन प्लांट की स्वीकृति मिल गयी है, जिसके लिए भूमि का चयन भी हो चुका है। कहा कि जल्द ही ऑक्सीजन प्लांट का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा, जिससे आम जनमानस को इसका लाभ मिल सकेगा। उन्होंने निरीक्षण करते हुए कहा कि कोरोना की सम्भावित तीसरी लहर के मध्येनजर तीसरी लहर से लड़ने के लिए तैयारी/व्यवस्थाएं की जा रही है। उन्होंने अस्पताल के निरीक्षण के दौरान मरीजों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने सम्बन्धित स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देशित किया कि मरीजो को खाने की व्यवस्था, पानी, सेनेटाइजर, मास्क सहित अन्य आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। कहा कि मरीजों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत न हो इसका विशेष ध्यान रखें। इसके अलावा उन्होंने कोविड टीकाकरण स्थल जीआईसी पहुंचकर वैक्सीनेशन के लिए आये लोगों से बातचीत कर अधिक से अधिक संख्या में टीकाकरण हेतु अन्य लोगों को भी जागरूक करने की बात कही। उन्होंने प्रतीक्षालय कक्ष, टीका कक्ष तथा ऑब्जर्वेशन कक्ष का निरीक्षण कर सम्बन्धित स्वास्थ्य अधिकारियों से अब तक किये गये टीकाकरण /वैक्सीनेशन की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने टीकाकरण स्थल पर लोगों के लिए बैठने, पानी सहित अन्य व्यवस्थाएं सुचारू करने के निर्देश सम्बन्धित अधिकारी को दिए।
तत्पश्चात् मा. विधायक श्री कोली ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोट का निरीक्षण कर सम्बन्धित अधिकारियों से कोविड-19 संक्रमण के संबंध में जानकारी ली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोट द्वारा अस्पताल हेतु उपकरणों की मांग पर उन्होंने कहा कि दो दिन के भीतर उपकरण अस्पताल को उपलब्ध करा दिये जाएंगे, ताकि आम जनमानस स्वास्थ्य सुविधा पूरा लाभ मिल सके। कहा कि जिला प्रशासन द्वारा समस्त ग्राम प्रधानों को 50-50 दवाईयों की किट उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि प्रधान अपने-अपने गांव में समय रहते प्राथमिक उपचार के तौर पर कोरोना संक्रमित व्यक्ति एवं कोविड लक्षण के लोगों को मेडिकल किट उपलब्ध कर सकें।
जिलाधिकारी डॉ विजय कुमार जोगदण्डे ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि कोविड वार्ड के बाहर बैनर, पोस्टर एवं फ्लेक्सी लगाना सुनिश्चित करें, जिससे सभी को आसानी से पता लग सके कि यह कोरोना वार्ड है। साथ ही वार्ड के बाहर चार्ट लगाना भी सुनिश्चित करें, जिसमें ड्यूटी मे तैनात डॉक्टर एवं कर्मचारियों का नाम लिखा हो। जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान में जिला अस्पताल पौड़ी मे कोविड मरीजों के लिए 70 बेड लगाए गए है, जिनकी संख्या 165 करने की स्वीकृति मिल चुकी है। जिलाधिकारी ने जीआईसी टीकाकरण स्थल पौडी में निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी को साफ-सफाई व्यवस्था व सामाजिक दूरी बनाये रखने के निर्देश दिए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोट के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोट मे 10 बेड की व्यवस्था के साथ ही यहाँ पर माईनर ओटी संचालित की जा रही है। कहा कि यहाँ वैक्सीनेशन की सेशन साइट भी संचालित की जा रही है और लक्ष्य के अनुरूप 45 साल से अधिक उम्र व फ्रंटलाइन वर्करों का 80 प्रतिशत टीकाकरण हो चुका है। इसके पश्चात ग्राम प्रधान, निर्वाचित सदस्यों, बैंक कर्मियों, सस्ता-गल्ला विक्रेता व सभी फ्रंटलाइन वर्करों को भी शासन की स्वीकृति मिलते ही वैक्सीनेशन का कार्य प्रारंभ किया जायेगा।
इस अवसर पर पौड़ी नगर पालिका अध्यक्ष यशपाल बेनाम, प्रमुख कोट पूर्णिमा नेगी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज शर्मा, एसीएमओ डॉ. अशोक तोमर, सीएमएस पौड़ी डॉ. रमेश राणा, डॉ. मनप्रीत, सुषमा रावत, क्रांति किशोर, राजेंद्र रावत, रीना रौथाण सहित अन्य उपस्थित थे।

 


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *