केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को वर्चुअल रैली ‘उत्तराखंड जन संवाद’ को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तराखंड देवभूमि और वीर भूमि है। परिश्रम और पराक्रम की धरती है। जब उत्तराखंड राज्य का निर्माण हुआ था तो मैं संयुक्त उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री था। उत्तराखंड के प्रत्येक क्षेत्र में मुझे जाने का अवसर मिला है। कोरोना के दृष्टिगत उत्तराखंड में किए गए काम के लिए मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि उनकी जितनी सराहना की जाए कम है। भराड़ीसैण में जो कोविड केयर सेंटर स्थापित हुआ है, उसकी सराहना केद्र से वहां गई टीम ने भी की है। उत्तराखंड तेजी से विकास के मार्ग पर बढ़ रहा है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तराखंड की त्रिवेंद्र रावत सरकार ने अपने 3 साल के कार्यकाल में घोषणा पत्र के 85 फीसदी वादों को पूरा किया है। 2 साल का समय राज्य सरकार के पास अभी और है। इन 2 साल में कोई ऐसे वादा ऐसा नहीं रहना चाहिए, जो पूरा न हो। मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का पहला वर्ष पूरे होने पर हम जनता से सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं। मोदी के मार्गदर्शन में, त्रिवेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के मार्ग पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। ‘गौरा देवी कन्या धन योजना’ के लिए मैं उत्तराखंड सरकार को विशेष रूप से बधाई देना चाहता हूं। जिस परिवार में बेटी का जन्म होता है उस परिवार को 50,000 रुपये की धनराशि दी जाती है। जब वह बेटी कक्षा 12 उत्तीर्ण कर लेती है तब शादी के समय उस धन का उपयोग किया जा सकता है। उत्तराखंड की स्थिति आज पहले से काफी सुधर चुकी है। किसानों के कल्याण के लिए भी राज्य सरकार ने जो कदम उठाए हैं, उसकी जितनी प्रशंसा की जाए, वो कम है। किसानों के लिए फसलों के बीज पर पहले 50 फीसदी सब्सिडी थी, वो बढ़ाकर 75 फीसदी की गई है। उत्तराखंड सरकार ने फैसला किया है कि हरिद्वार से ऋषिकेश तक मैट्रो ट्रेन चलाई जाएगी, इसे मंजूरी दे दी गई है। भ्रष्टाचार के खिलाफ भी राज्य सरकार ने जीरो टॉरलेंस की नीति अपनाई है। गैरसैंण को उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाया गया है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूसरे कार्यकाल के एक वर्ष में केन्द्र सरकार ने बड़े ऐतिहासिक फैसले लिये। देश के रक्षा क्षेत्र को मजबूत किया। अनुच्छेद 370 और 35 ए को खत्म कर नया इतिहास लिखा। राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया गया एवं कैबिनेट में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिये। मोदी द्वारा सही समय पर लिये गए सही निर्णय से भारत में कोरोना वायरस से उतना नुकसान नहीं हुआ जैसी कि आशंका जताई जा रही थी। लॉकडाउन से संक्रमण की दर को नियंत्रित किया गया। सम्पूर्ण देश में लॉकडाउन आसान निर्णय नहीं था। आज दुनिया प्रधानमंत्री मोदी द्वारा लिये गये इस फैसले का अनुसरण कर रही है। उत्तराखंड सरकार ने 3 साल से अधिक का कार्यकाल पूर्ण कर लिया है। अपने घोषणा पत्र में हमने जनता से जो वायदे किये थे, उनमें से 85 प्रतिशत वायदे पूर्ण कर लिये हैं। चाहे वह जीरो टॉलरेंस की सरकार चलाने का हो या किसानों को ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराने का हो। पलायन को रोकने के लिए प्रदेश में ग्रामीण विकास एवं पलायन आयोग का गठन किया गया है। इसके तहत प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों से पलायन को रोकने के लिए अनेक प्रयास किये जा रहे हैं। हमने गैरसैंण को प्रदेश की ग्रीष्मकालीन राजधानी घोषित किया है।
त्रिवेन्द्र ने कहा कि कोरोना के दृष्टिगत लाखों प्रवासी राज्य में लौटे हैं। उन प्रवासियों को रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए राज्य सरकार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि कोरोना से निपटने के लिए राज्य में धन का कोई अभाव नहीं है। कोविड से बचाव के लिए राज्य सरकार ने पूरी तैयारी की है। कोविड केयर सेंटरों में 17 हजार बेड उपलब्ध हैं। प्रत्येक जनपदों में आईसीयू की व्यवस्था की गई है। वेंटिलेटर भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। पिछले चार माह में प्रदेश में 400 डॉक्टरों की नियुक्ति की गई है। हम मिलजुलकर कोरोना से लड़ेंगे और आगे बढ़ेंगे।
इस वर्चुअल रैली में वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से मानव संसाधन विकास मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, सांसद अजय भट्ट, श्रीमती माला राज्यलक्ष्मी शाह, तीरथ सिंह रावत, अजय टमटा, राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष बंसीधर भगत एवं भाजपा के नेता जुडे़ थे।
हिन्दुस्थान समाचार
