बेतालघाट ब्लॉक के दूरस्थ गांव जिनोली के ग्रामीणों ने लॉकडाउन का सदुपयोग कर श्रमदान से तीन किलोमीटर कच्ची सड़क बना डाली। इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाई विभिन्न शहरों से लौटे युवाओं ने।
लॉकडाउन के चलते कामधाम बंद होने से वे गांव लौटे तो नया करने का जुनून सवार हो गया। उन्होंने सकदीना जिनोली मोटर मार्ग के पटोरी चौक से तीन किलोमीटर लंबी सड़क काटकर अपने गांव तक दो पहिया वाहन पहुंचा दिए।
गांव में दोपहिया वाहन देखकर ग्रामीण खुश नजर आए
युवकों के इस कार्य की ग्रामीणों ने प्रशंसा की। पहली बार अपने गांव में दोपहिया वाहन देखकर ग्रामीण खुश नजर आए। गांव के पंकज नैनवाल ने बताया कि कई युवक जो कि अन्य क्षेत्रों में नौकरी कर रहे थे इन दिनों गांव में आए हुए हैं। आने जाने में परेशानी होती देख लगभग एक दर्जन युवकों ने सड़क का निर्माण कर दिया।
सड़क के निर्माण में मदन मोहन नैनवाल, कैलाश नैनवाल, आनंद बल्लभ, पूरन चंद, भास्कर नैनवाल, पंकज, योगेश, मदन नैनवाल, ललित नैनवाल, बाला दत्त, रंजीत सिंह, पंकज सिंह, नीरज सिंह,संजय कुमार आदि का सहयोग रहा।
