Spread the love

Badrinath Dham Tourश्री बदरीनाथ धाम के कपाट इस यात्रा वर्ष 15 मई को प्रात: 4 बजकर 30 मिनट पर खुलेंगे। देवस्थानम बोर्ड के चुनिंदा कर्मचारी इन दिनों कपाट खुलने की व्यवस्थाओं में जुटे हैं। मंदिर परिसर से बर्फ हटाई जा चुकी है। मंदिर पर रंग-रोगन भी अंतिम चरण में है। पानी व बिजली व्यवस्था बहाल की जा चुकी है। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। मास्क पहनना अनिवार्य किया गया है।
उत्तराखंड चारधाम देवस्थानम् बोर्ड के मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ के अनुसार विगत दिनों देवस्थानम बोर्ड के कर्मचारी व अधिकारी तैयारियों के लिए बदरीनाथ धाम पहुंचे थे। देवस्थानम बोर्ड के अभियंता विपिन तिवारी एवं अवर अभियंता गिरीश रावत यहां कार्य करवा रहे हैं। गढ़वाल आयुक्त एवं देवस्थानम बोर्ड के सीईओ रमन रविनाथ ने चार धाम कपाट खुलने की तैयारियों के लिए आदेश किये थे। गंगोत्री-यमुनोत्री में उपजिलाधिकारी भटवाड़ी एवं बड़कोट को निर्देशित किया गया था। बीडी सिंह (आईएफएस) को बदरीनाथ एवं केदारनाथ में कपाट खुलने की तैयारियों का जिम्मा दिया गया है। फिलहाल कोरोना महामारी पर नियंत्रण के पश्चात ही चारधाम यात्रा शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। यद्यपि अभी तीन धामों के कपाट खुल चुके हैं और श्री बदरीनाथ के कपाट 15 मई को खुलेंगे।
कोरोना महामारी से बचाव के तहत जारी सरकारी एडवाइजरी के अनुसार फिलहाल धार्मिक स्थलों में तीर्थ यात्रियों को आने की अनुमति नहीं है। सीमित संख्या में व्यवस्थाओं से जुड़े चुनिंदा लोग श्री बदरीनाथ धाम में उपस्थित रहेंगे। श्री बदरीनाथ धाम के रावल ईश्वरी प्रसाद नंबूदरी ऋषिकेश में 14 दिन के क्वारंटाइन में हैं एवं वह स्वस्थ हैं। उनके तीन सेवादारों का स्वास्थ्य भी सामान्य है। एम्स ऋषिकेश से उनकी पहली कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आयी है। एहतियातन 04 मई को उनका दूसरा कोरोना टेस्ट होना है। सब कुछ सामान्य रहेगा तो वह उसके पश्चात 5 मई को नृसिंह मंदिर जोशीमठ पहुंच जाएंगे।
कपाट खुलने के कार्यक्रम के तहत 13 मई बुधवार को नृसिंह मंदिर जोशीमठ से आदि गुरु शंकराचार्यजी की डोली प्रस्थान योग-ध्यान बदरी मंदिर पांडुकेश्वर प्रस्थान करेगी। 14 मई को श्री उद्धव जी एवं कुबेर जी गाडू घड़ा (तेल कलश) यात्रा के साथ सायंकाल तक श्री बदरीनाथ धाम पहुंच जाएंगे। नरेन्द्र नगर राजदरबार से तेल कलश यात्रा 5 मई को शुरू होगी है। 15 मई को प्रात: 4 बजकर 30 मिनट पर श्री बदरीनाथ धाम के कपाट खुल जायेंगे। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किए जाने, मास्क लगाने और साफ सफाई के साथ सेनिटाइजेन का ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं।
उधर, विधानसभा क्षेत्र बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट एवं गंगोत्री के विधायक गोपाल सिंह रावत को उत्तराखंड चार धाम देवस्थानम् बोर्ड का सदस्य नामित किये जाने पर विभिन्न धार्मिक संस्थाओं की ओर से बधाइयों का तांता लगा हुआ है। उल्लेखनीय है कि विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने दोनों विधायकों को नामित करने की अधिसूचना कल विधानसभा सचिव ने जारी की थी। गढ़वाल मंडल के आयुक्त एवं देवस्थानम बोर्ड सीईओ रमन रविनाथ ने चमोली जिले के मुख्य कोषाधिकारी दीपक चंद्र भट्ट को देवस्थानम् बोर्ड के वित्त नियंत्रक का अतिरिक्त प्रभार दिये जाने के आदेश दिये हैं ताकि देवस्थानम बोर्ड के वित्तीय देयकों, आय-व्यय आदि वित्तीय मामलों को गति मिल सके।

Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *