Spread the love

Blog single photoमुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने राज्य में कोरोना को नियंत्रित रखने में महत्वपूर्ण सहयोग देने के लिए राज्य के बाशिंदों का आभार जताया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी कोरोना वाॅरियर्स पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। प्रदेशवासियों ने भी दृढ़ इच्छाशक्ति और अनुशासन का परिचय देते हुए सरकार का सहयोग किया है। उसी का परिणाम है कि हम राज्य में कोरोना संक्रमण बढ़ने की दर को काफी कम रखने में सफल रहे हैं। आमजन का इसी प्रकार साथ मिलता रहा तो कोरोना के खिलाफ लम्बी लड़ाई हम अवश्य जीतेंगे।
मुख्यमंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तराखंड में पहला मरीज 15 मार्च को मिला था और इसके बाद ही राज्य सरकार ने अपने स्कूल-कॉलेज बंद करने का निर्णय लिया। वर्क फ्राॅम होम लागू करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना। उसके बाद ही प्रधानमंत्री ने जनता कर्फ्यू की बात कही और लॉकडाउन पूरे देश में लागू किया तब से आज तक एक महीना एक दिन हो गया है।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र ने कहा कि मैं सर्वप्रथम प्रदेशवासियों का धन्यवाद देना चाहूंगा। जिस संयम अनुशासन से उन्होंने सहयोग दिया, उसी का परिणाम रहा कि उत्तराखंड आज कोरोना की रोकथाम में देश में तीसरे नंबर पर है। अभी तक 47 पॉजिटिव केस राज्य में आए हैं, जिनमें से 24 ठीक हो गए हैं। इस गति को रोक पाने में हम तभी सफल हो पाए हैं, जब आप सभी ने सहयोग दिया है। डॉक्टरों व प्रशासनिक तंत्र ने इस में अग्रणी भूमिका निभाई है, पुलिस, सामाजिक संगठनों एवं आम जनों की भूमिका रही है, उसी का परिणाम है कि आज हम बेहतर स्थिति में है।
उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि बहुत जल्द हम कोरोना मुक्त राज्य में शामिल हो जाएंगे, बशर्ते कि आप लोगों का सहयोग मिलता रहे। तीन मई तक प्रधानमंत्री ने लॉकडाउन की घोषणा की है, उसमें हम इसी तरह से पूरे संयम के साथ आगे भी सहयोग देते रहेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार की गाइड लाइन के अंतर्गत आमजन को हरसम्भव सहायता पहुंचाने की कोशिश की गई है। जीवन के लिए आवश्यक वस्तुओं और सेवाओं की कोई कमी नहीं आने दी गई है।

Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *