शुक्रवार को महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष रंजना रावत के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने आरोप लगाया कि झूलाबस्ती में पुलिस की सह पर खुलेआम शराब व स्मैक बिक रही है। युवा नशे की गिरफ्त में आकर अपना भविष्य बर्बाद कर रहे है। नशे के आदी होकर युवा आपराधिक गतिविधियों में भी सक्रिय हो रहे हैं। कहा कि झूलाबस्ती के पास पुल के नीचे दिन ढलते ही नशे के कारोबारियों का जमावड़ा लग जाता है। पुलिस प्रशासन इन मादक पदार्थों पर रोक लगाने में नाकाम साबित हो रही है। नशे के तस्कर स्कूल, कालेजों में पढ़ने वाले छात्रों और बेरोजगार युवाओं को अपना शिकार बनाकर उन्हें न केवल नशे का आदी बना रहे हैं, बल्कि उनसे धंधा भी करवा रहे हैं। समय रहते इस ओर कोई कार्रवाई नहीं की गई तो युवा पीढ़ी बर्बाद हो जाएगी। उन्होंने चेताया कि यदि पुलिस प्रशासन ने जल्द ही कोई कार्रवाई नहीं की तो वे पुलिस प्रशासन के खिलाफ उग्र आंदोलन छेड़ देंगे। प्रदर्शन करने वालों में ज्योति थापा, सतेश्वरी असवाल, आनंदी रावत, प्रीति, विमलेश, पूनम, सुमित्रा देवी, लक्ष्मी देवी, कला देवी, रितु, विनोद, सौकीन, नितिन, गौरव, विपिन, महेश, पातीराम, दीपक, रमेश, गौतम, संजू आदि शामिल रहे।
