भगवान आशुतोष के ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग केदारनाथ धाम में दर्शनार्थिंयों की संख्या नौ लाख को पार कर गई है। साथ ही यात्रा के इतिहास में एक नया अध्याय भी जुड़ गया है। यात्रा को अभी एक माह का समय बचा हुआ है। ऐसे में श्रद्धालुओं का आंकड़ा 10 लाख से अधिक पहुंचने की उम्मीद है।
बुधवार तक के आंकड़ाें पर गौर करें तो, केदारनाथ धाम में सुहावने मौसम के बीच सुबह से मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। दोपहर 11 बजे तक छह सौ श्रद्धालुओं के दर्शन किए। इसके साथ ही इस सीजन में दर्शनार्थियों की संख्या नौ लाख पार हो गई। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अकेले जून माह में चार लाख से अधिक श्रद्धालु धाम पहुंचे हैं। 7 जून को तो 36 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जो एक दिन में सबसे अधिक दर्शनार्थियों का नया रिकार्ड है। यहीं नहीं, केदारनाथ यात्रा ने शुरूआती 45 दिनों में ही बीते वर्ष पहुंचे 7 लाख 32 हजार से अधिक यात्रियों का रिकार्ड भी तोड़ दिया था। 
