Spread the love

कार्यालय, जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल

चार दिव्यांगजनों के बने प्रमाण पत्र, 18 यूडीआईडी कार्ड के लिए पंजीकरण

सूचना/पौड़ी, 17 अक्टूबर, 2026:
विकासखंड यमकेश्वर के राजकीय प्राथमिक विद्यालय रत्तापानी में जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग की ओर से एलिम्को के सहयोग से विशेष परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए चिह्नित किया गया।

शिविर में राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत 65 वरिष्ठ नागरिकों और एडिप योजना के तहत पांच दिव्यांगजनों सहित कुल 70 लाभार्थियों को सहायक उपकरणों के लिए चिह्नित किया गया। परीक्षण के बाद पात्र लाभार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
शिविर में दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु दस्तावेज संबंधी कार्य भी किए गए। इस दौरान चार दिव्यांगजनों के दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाए गए, जबकि 18 यूडीआईडी कार्ड के लिए पंजीकरण किया गया।

यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे शिविरों से जरूरतमंद लोगों को एक ही स्थान पर परीक्षण, प्रमाण पत्र और पंजीकरण जैसी सुविधाएं मिलती हैं। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए इस तरह के प्रयास महत्वपूर्ण हैं, जिससे उनके दैनिक जीवन को आसान बनाने और आत्मनिर्भरता बढ़ाने में मदद मिलती है।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख सीता चौहान, खंड विकास अधिकारी आकाश बेलवाल, सहायक समाज कल्याण अधिकारी महेश प्रताप, द्वारिखाल अंकित रावत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *