Spread the love

कार्यालय, जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल

स्थानीय संसाधनों को उद्यमिता से जोड़कर रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर

डेयरी, हर्बल, प्रोसेसिंग व वुडन प्रोडक्ट में उद्यमिता की अपार संभावनाएं: विधायक पोरी

सूचना/पौड़ी/21 अगस्त 2026:


जनपद मुख्यालय स्थित विकास भवन सभागार में शुक्रवार को मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के अंतर्गत चौपाल कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने योजना के प्रचार-प्रसार रथ को हरी झंडी दिखाकर जनपद के विभिन्न विकासखंडों के लिए रवाना किया। प्रचार रथ के माध्यम से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक योजना की जानकारी पहुंचाई जाएगी।

कार्यक्रम में युवाओं, महिलाओं एवं ग्रामीण उद्यमियों को स्वरोजगार के अवसरों, स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्यमों तथा सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत उपलब्ध वित्तीय सहायता, प्रशिक्षण और मार्गदर्शन की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा जनपद पौड़ी की महिला उद्यमियों पोखड़ा विकासखंड की दीपशिखा, कोट विकासखंड की लक्ष्मी देवी तथा यमकेश्वर की बीना देवी को सम्मानित किया गया। वहीं, विकास भवन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जनपद के 16 उद्यमियों को सम्मानित किया गया।

स्थानीय विधायक ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए उद्यमिता के क्षेत्र में व्यापक संभावनाएं हैं। स्वरोजगार के लिए पारंपरिक व्यवसायों तक सीमित रहने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि स्थानीय संसाधनों एवं उत्पादों को आधार बनाकर विभिन्न प्रकार के उद्यम स्थापित किए जा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि डेयरी, स्थानीय उत्पादों की प्रसंस्करण, विनिर्माण, हर्बल उत्पाद, मत्स्य पालन और काष्ठ उत्पादों सहित अनेक क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार की अपार संभावनाएं हैं। स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता और विशिष्टता को देखते हुए उनके प्रसंस्करण, पैकेजिंग एवं मार्केटिंग पर विशेष ध्यान दिया जाए तो बेहतर बाजार तैयार किया जा सकता है।

विधायक ने कहा कि इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ ही पलायन को रोकने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने युवाओं से सरकार की विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा केवल नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि अन्य लोगों को रोजगार देने वाले उद्यमी बनें।

उन्होंने कहा कि जनपद पौड़ी में उद्यमिता की व्यापक संभावनाएं हैं और स्थानीय युवाओं को उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी उद्यमियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के माध्यम से जिले में उद्यम स्थापित करने के इच्छुक लोगों को एक मंच पर आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य कर रहे हैं, ताकि इच्छुक लाभार्थियों को आवेदन प्रक्रिया, प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता, बैंकिंग सुविधाओं और अन्य आवश्यक सेवाओं की जानकारी समय पर मिल सके।

उन्होंने कहा कि प्रचार-प्रसार रथ के माध्यम से जनपद के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक योजना की जानकारी पहुंचाई जाएगी, जिससे अधिक से अधिक युवा, महिलाएं एवं स्थानीय स्तर पर कार्य कर रहे छोटे उद्यमी योजनाओं से जुड़ सकें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना की जानकारी लेने वाले लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करते हुए उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए।

कार्यक्रम में नगर पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी रमेश चंद, विधायक प्रतिनिधि चौबट्टाखाल रायसिंह नेगी, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भंडारी, परियोजना प्रबंधक ग्रामोत्थान कुलदीप बिष्ट, मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती, जिला मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा, एलडीएम किशन सिंह नेगी, डिवीजनल इनक्यूबेशन मैनेजर एमयूवाई तनुज पुंडीर, बिजनेस प्लानिंग एंड डेवलपमेंट एक्सपर्ट एमयूवाई दर्शन उनियाल, मार्केटिंग एक्सपर्ट रितेश केष्टवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे।



Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *