कार्यालय, जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल
सूचना/पौड़ी/20 अगस्त 2026:
जनपद के द्वारीखाल विकासखंड के आपदा प्रभावित महरगांव में जिला प्रशासन द्वारा राहत एवं बुनियादी सुविधाओं की बहाली का अभियान लगातार जारी है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के त्वरित निर्देशन एवं मौके पर रहकर की गयी निगरानी के चलते प्रभावित क्षेत्र में आवश्यक सेवाओं को तेजी से बहाल किया जा रहा है और गांव में हालात धीरे-धीरे सामान्य होने लगे हैं।

आपदा की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी स्वयं दुर्गम मार्ग से पैदल महरगांव पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्यों की कमान संभाली। अंतिम शव बरामद होने तक वह ग्राउंड जीरो पर मौजूद रहीं तथा प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद कर उनकी आवश्यकताओं की जानकारी लेते हुए संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में आपदा में क्षतिग्रस्त हुई जल जीवन मिशन की मुख्य पेयजल पाइपलाइन की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर पूरी कर ली गई है, जिससे गांव में पेयजल आपूर्ति सुचारु हो गई है। वहीं, प्रभावित क्षेत्र में आवागमन एवं राहत सामग्री की आवाजाही बनाए रखने के लिए जेसीबी मशीनें लगातार तैनात हैं। साथ ही सम्पर्क मार्ग से मलबा हटाने एवं आवश्यकतानुसार मार्ग को सुचारु करने का कार्य निरंतर किया जा रहा है।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ विशाल शर्मा ने बताया कि पशुपालन विभाग की टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर घायल पशुओं का उपचार किया गया। पशुपालकों को राहत देने के लिए 10 बैग चारा भेली उपलब्ध करायी गयी है। साथ ही दुर्गम क्षेत्र तक चारा पहुंचाने में जेसीबी मशीन एवं ग्रामीणों का भी सहयोग लिया गया।
जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों को सूखा राशन किट, दैनिक उपयोग के बर्तन एवं मौसम को देखते हुए कंबल उपलब्ध कराए गए हैं। प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार गांव में मौजूद रहकर प्रभावित परिवारों की जरूरतों की निगरानी कर रहे हैं तथा आवश्यकतानुसार राहत सामग्री उपलब्ध करायी जा रही है।
ग्राम प्रधान अमित सिंह ने कहा कि जिलाधिकारी के नेतृत्व में प्रशासन ने संकट की घड़ी में संवेदनशीलता और तत्परता से प्रभावित परिवार का साथ दिया। राहत सामग्री उपलब्ध कराने के साथ क्षतिग्रस्त मार्ग और पेयजल आपूर्ति को भी तत्काल सुचारु कराया गया।
जिलाधिकारी ने सभी रेखीय विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि महरगांव में स्थिति पूरी तरह सामान्य होने तक राहत एवं पुनरुद्धार कार्यों में किसी भी स्तर पर ढिलाई न बरती जाए। उन्होंने आवश्यक सेवाओं, पेयजल, विद्युत, मार्ग, पशुधन, राहत सामग्री सहित अन्य व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं पुनरुद्धार अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
