Spread the love

कार्यालय, जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी

आमपड़ाव में शिकायत पर कार्रवाई, 75 पव्वे अवैध अंग्रेजी शराब बरामद

सूचना/पौड़ी/31 जुलाई, 2026:
जनपद में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशन में आबकारी विभाग द्वारा लगातार प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोटद्वार के आमपड़ाव क्षेत्र में प्राप्त शिकायत पर कार्रवाई करते हुए विभाग ने छापेमारी की, जिसमें 75 पव्वे अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गयी। मामले में संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध उत्तराखंड आबकारी अधिनियम की धारा-60 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है।

जिला आबकारी अधिकारी तपन कुमार पाण्डेय ने बताया कि आमपड़ाव क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री संबंधी शिकायत प्राप्त होने पर जिलाधिकारी के निर्देशानुसार आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2, कोटद्वार को जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। जांच के दौरान विभागीय दल ने शिकायतकर्ता से जानकारी प्राप्त करने का प्रयास किया, लेकिन अवैध शराब बेचने वालों के संबंध में कोई ठोस जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी। इसके बाद विभाग ने अपने स्तर पर सूचना संकलित कर संदिग्ध व्यक्तियों के घरों पर छापेमारी की। 19 जुलाई को की गई कार्रवाई में एक संदिग्ध के घर से 75 पव्वे अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसके आधार पर विधिक कार्रवाई की गई।

इसके बाद 28 जुलाई को भी आमपड़ाव क्षेत्र में अन्य संदिग्ध व्यक्तियों के घरों पर सघन तलाशी एवं चेकिंग अभियान चलाया गया। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि जुलाई माह में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए गए विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग ने जनपदभर में कुल 114 प्रवर्तन कार्रवाइयां कीं। अभियान के दौरान 16 आबकारी अधिनियम के मुकदमे दर्ज किए गए तथा 227.77 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। विभाग ने खोलाचौरी, फिरोजपुर, सिम्बलचौड़, लालपुर, गवाणी, सतपुली मोटरमार्ग, कौड़िया चेकपोस्ट, आमपड़ाव, मेकड़ा, मझोला, चौखाल, मुसेटी, आगरखाल (खेडूड़ी), दूतिया और नौडखाल सहित विभिन्न स्थानों पर लगातार अभियान चलाकर अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर प्रभावी कार्रवाई की।

जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि जनपद में अवैध शराब की बिक्री, भंडारण एवं तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए नियमित रूप से चेकिंग, छापेमारी एवं प्रवर्तन अभियान संचालित किए जा रहे हैं।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *