भू-कानून अनुपालन अभियान के तहत लगभग 27 नाली भूमि राज्य सरकार में निहित, उल्लंघन और शर्तों के विपरीत मामलों में अभियान जारी
पौड़ी जिले में भू-कानून के प्रभावी अनुपालन के लिए प्रशासन की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है। एक प्रकरण में जिला प्रशासन ने लगभग 27 नाली भूमि को राज्य सरकार में निहित कर उस पर कब्जा ले लिया है।
SHABD,Dehradun, June 8,
08 जून 2026, पौड़ी गढ़वाल:
पौड़ी जिले में भू-कानून के प्रभावी अनुपालन के लिए प्रशासन की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में धुमाकोट तहसील के ग्राम ल्वींठा मल्ला में भू-कानून के उल्लंघन से जुड़े एक प्रकरण में जिला प्रशासन ने लगभग 27 नाली भूमि को राज्य सरकार में निहित कर उस पर कब्जा ले लिया है। धुमाकोट के उपजिलाधिकारी ने बताया कि संबंधित प्रकरण में बाहरी व्यक्तियों द्वारा निर्धारित सीमा से अधिक भूमि खरीदने का मामला संज्ञान में आया था। मामले की जांच, राजस्व अभिलेखों के परीक्षण तथा जिलाधिकारी न्यायालय में सुनवाई की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की गई। इसके तहत भूमि को राज्य सरकार में निहित किए जाने के आदेश पारित किए गए, जिसके अनुपालन में राजस्व विभाग ने भूमि पर कब्जा प्राप्त कर लिया। वहीं, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि जिले में भू-कानून के उल्लंघन से संबंधित मामलों के विरुद्ध प्रशासन का अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
