उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रमिकों के कल्याण के लिए बड़ा कदम उठाते हुए श्रमिक सेवा मोबाइल ऐप का शुभारंभ किया और हजारों श्रमिकों के खातों में सीधे आर्थिक सहायता भेजी।
SHABD,Dehradun, April 10,
उत्तराखंड : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रमिक सेवा मोबाइल ऐप का शुभारंभ किया
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रमिकों के कल्याण के लिए बड़ा कदम उठाते हुए श्रमिक सेवा मोबाइल ऐप का शुभारंभ किया और हजारों श्रमिकों के खातों में सीधे आर्थिक सहायता भेजी। मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा विकसित मोबाइल ऐप का लोकार्पण किया। इस दौरान 8005 श्रमिकों के खातों में डीबीटी के माध्यम से 17 करोड़ से अधिक की राशि ट्रांसफर की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार श्रमिकों तक पारदर्शी तरीके से लाभ पहुंचाने के लिए ऑफलाइन प्रक्रिया खत्म कर ऑनलाइन और डीबीटी प्रणाली को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने बताया कि पिछले 6 महीनों में करीब 19 हजार 800 से अधिक लाभार्थियों को 47 करोड़ से ज्यादा की धनराशि वितरित की जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रमिकों और उनके आश्रितों को कौशल प्रशिक्षण से जोड़ा जाए, खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएं। साथ ही योग, वेलनेस और तकनीकी कार्यों में प्रशिक्षण देकर श्रमिकों को आत्मनिर्भर बनाने और विदेशों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। कार्यक्रम में श्रम विभाग ने बताया कि पोर्टल के माध्यम से हजारों संस्थानों का पंजीकरण हो चुका है और करोड़ों की धनराशि श्रमिक कल्याण में उपयोग की जा रही है।
