Spread the love


खेल के मैदान से लोकतंत्र को मजबूती, पत्रकारों ने दिखाई निशानेबाज़ी में सटीकता

देहरादून।
उत्तरांचल प्रेस क्लब ने वर्ष-2026 के खेल सत्र का शुभारम्भ अनिल नेगी स्मृति शूटिंग प्रतियोगिता के आयोजन के साथ किया। प्रतियोगिता में पत्रकारों ने उत्साह और खेल भावना के साथ भाग लेते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

महिला वर्ग में रश्मि खत्री ने प्रथम, नेहा बिष्ट ने द्वितीय तथा सुलोचना पयाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं पुरुष वर्ग में जितेन्द्र नेगी प्रथम, मुकेश राजपूत द्वितीय एवं पवन नेगी तृतीय स्थान पर रहे।

प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि रेखा आर्या, कैबिनेट मंत्री (खेल), उत्तराखंड सरकार तथा अति विशिष्ट अतिथि डॉ. रचित गर्ग, वरिष्ठ रेडियोलॉजिस्ट की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को संतुलित रखने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं और उनके स्वस्थ रहने से ही लोकतंत्र मजबूत होता है। उन्होंने पत्रकारों से अपील की कि वे अपने व्यस्त जीवन में भी प्रतिदिन कम से कम एक घंटा खेल या शारीरिक गतिविधियों के लिए अवश्य निकालें।
उन्होंने उत्तरांचल प्रेस क्लब द्वारा खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया। इसके उपरांत उन्होंने प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए।

प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा ने कहा कि उत्तरांचल प्रेस क्लब पत्रकारों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि तनावपूर्ण कार्य परिस्थितियों में खेल गतिविधियां पत्रकारों के लिए ऊर्जा और सकारात्मकता का स्रोत बनती हैं।
उन्होंने कहा कि अनिल नेगी स्मृति शूटिंग प्रतियोगिता जैसे आयोजन पत्रकारों के बीच खेल संस्कृति को सुदृढ़ कर रहे हैं और क्लब वर्षभर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करता रहेगा।

कार्यक्रम का संचालन प्रेस क्लब महामंत्री योगेश सेमवाल ने किया।



Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *