Spread the love

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने हरियाणा के झज्जर जिले में अज्ञात हमलावरों द्वारा एक पत्रकार की हत्या के मामले का स्वतः संज्ञान लिया


हरियाणा के पुलिस महानिदेशक को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के अंदर विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई।

रिपोर्ट में जांच की स्थिति की जानकारी भी शामिल करने का निर्देश

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने उन मीडिया रिपोर्टों पर स्वत: संज्ञान लिया है जिनमें बताया गया है कि 18 मई, 2025 को हरियाणा के झज्जर जिले के लुहारी गांव में एक पत्रकार की उसके आवास के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बताया गया है कि एक ऑनलाइन समाचार पोर्टल के लिए काम करने वाला पत्रकार रात में भोजन के बाद टहलने के लिए निकला था। तभी अज्ञात हमलावरों ने उसे गोली मार दी और घटनास्थल से भाग निकले।

आयोग ने कहा है कि यदि इस घटना की जानकारी सही है तो यह पीड़ित के मानवाधिकारों के उल्लंघन का गंभीर मामला है। इसलिए, आयोग ने हरियाणा के पुलिस महानिदेशक को नोटिस भेज कर दो सप्ताह के अंदर इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट में मामले की जांच की स्थिति का भी उल्लेख होना चाहिए।

19 मई, 2025 को प्रकाशित मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पीड़ित को गांव के लोग नजदीक के एक अस्पताल में ले गए। बाद में वहां से उसे गुरुग्राम के एक अन्य अस्पताल में उपचार के लिए भेज दिया गया, जहां उसकी मृत्यु हो गई।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *