नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में उपलब्धियों पर वेबिनार की श्रृंखला आयोजित करेगा
वेबिनार श्रृंखला ‘भारत का अमृत महोत्सव’ के माध्यम से भारतीय स्वतंत्रता के 75 वर्ष मनाने की भारत सरकार की योजना का हिस्सा है
पिछले 75 वर्षों की उपलब्धियों का जश्न मनाने के लिए कार्यक्रमों का आयोजन करके भारत की आजादी के 75 साल (भारत का अमृत महोत्सव) मनाने की भारत सरकार की योजना के तहत, नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (एमएनआरई) इस साल 15 मार्च, 2021 से नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा से जुड़ी उपलब्धियों पर एक वेबिनार श्रृंखला आयोजित करता आ रहा है। यह श्रृंखला 75 हफ्तों तक आयोजित की जाएगी।
जून 2021 से मार्च 2022 के दौरान मानक और गुणवत्ता नियंत्रण गतिविधियों के लिए इस संबंध में पांच सप्ताह का एक कार्यक्रम तैयार किया गया है। वेबिनार को महत्वपूर्ण विषयों पर प्रमुख वक्ताओं द्वारा संबोधित किया जाएगा और इसके बाद प्रतिभागियों के साथ बातचीत की जाएगी।
सात से 12 जून, 2021 के बीच आयोजित किए जा रहे मानक और गुणवत्ता नियंत्रण संबंधी कार्यक्रम मानक विकास में नीति और तरीकों और नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में गुणवत्ता आश्वासन के उपायों पर केंद्रित है। इस वेबिनार के बाद प्रौद्योगिकी-वार साप्ताहिक वेबिनार होंगे; इनमें अगस्त 2021 में एसपीवी मॉड्यूल, नवंबर 2021 में एसपीवी इन्वर्टर एवं बैटरी स्टोरेज, जनवरी 2022 में सौर ताप प्रणाली और विंड टर्बाइन ताथ मार्च 2022 में एसएचपी और बायोगैस संयंत्र/विद्युत प्रणाली शामिल हैं।
इन वेबिनार का उद्देश्य देश में मानकों के विकास और गुणवत्ता के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों सहित प्रतिभागियों के अनुभवों को साझा करना है। प्रतिभागियों में अनुसंधान एवं विकास/शैक्षणिक संस्थानों, परीक्षण प्रयोगशालाओं, मानक विकास निकायों (घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों), नियामक एजेंसियों, अनुरूपता मूल्यांकन एजेंसियों, मान्यता एजेंसियों, नीति निर्माताओं, उद्योगों, परियोजना डेवलपर्स, वित्तपोषणकर्ताओं, परियोजना कार्यान्वयन एजेंसियों आदि के विशेषज्ञ शामिल हैं।
वेबिनार के पहले सप्ताह (7-12 जून 2021) में भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस), भारतीय सौर ऊर्जा निगम (एसईसीआई), राष्ट्रीय पवन ऊर्जा संस्थान (एनआईडब्ल्यूई), चेन्नई, एनएबीएल, नई दिल्ली, ब्रिटिश मानक संस्थान (बीएसआई), ब्रिटेन, सीएसआईआर (एनपीएल), दिल्ली, टीयूवी रीनलैंड, बेंगलुरु, पीटीबी जर्मनी के प्रमुख वक्ताओं का संबोधन होगा। इनमें एनआईएसई, एनआईडब्ल्यूई, आईआईटी बॉम्बे, आईआईटी चेन्नई, सीईए, सीएसआईआर (सीईसीआरआई), सीएसआईआर (एनपीएल) , एसईसीआई, बीआईएस, एनएबीएल, यूएल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, भेल, पीटीबी, जर्मनी के पैनलिस्ट शामिल होंगे।
वेबिनार में वे सभी लोग हिस्सा ले सकते हैं जो ऊपर वर्णित विषयों से जुड़े हुए हैं। भागीदारी के लिए पंजीकृत प्रतिभागियों के साथ एक लिंक साझा किया जाएगा। सात जून 2021 (सुबह 10 बजे) तक कुल 200 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। पंजीकरण के लिए लिंक नीचे दिया गया है।
कार्यक्रम के लिए पंजीकरण कराने का लिंक: https://forms.gle/JKpsbA1B5iQsuWo96
एमएनआरई की मानक और गुणवत्ता नियंत्रण गतिविधियां मानकों के विकास और कार्यान्वयन के लिए प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करने पर ध्यान केंद्रित करती हैं। दिसंबर 2017 में एमएनआरई द्वारा परीक्षण, मानकीकरण और प्रदर्शन प्रमाणन पर एक लैब पॉलिसी अधिसूचित की गई थी। इससे पहले, पांच सितंबर 2017 को एमएनआरई ने एसपीवी बिजली परियोजनाओं में इस्तेमाल की खातिर एसपीवी मॉड्यूल, इनवर्टर और बैटरी स्टोरेज सिस्टम के गुणवत्ता नियंत्रण के लिए बीआईएस अधिनियम (अनिवार्य पंजीकरण) के तहत गुणवत्ता नियंत्रण आदेश अधिसूचित किया था। एमएनआरई ने नवंबर 2020 में बीआईएस को एक उत्पाद दृष्टिकोण के लिए एक मानक अपनाने की भी सिफारिश की थी।
