Spread the love

प्रदेश सरकार ने शराब की कीमतों में प्रति बोतल 20 रुपये से लेकर 475 रुपये तक की बढ़ोतरी की है। प्रचलित ब्रांड 30 से 50 रुपये तक महंगे हुए हैं। बावजूद इसके नई दरों पर शराब मिलने में अभी थोड़ा वक्त लगेगा। महंगे ब्रांड जरूर अभी बाजारों में उपलब्ध हैं। कारण यह कि विभाग ने नई कीमतों के मद्देनजर गोदामों से शराब की निकासी पर रोक लगा दी है। अब नई कीमतें अंकित करने के बाद ही इनकी निकासी की जाएगी। शराब की बढ़ी हुई कीमतों पर शुक्रवार को शासनादेश जारी हो जाएगा।

प्रदेश सरकार ने कुछ दिनों पहले ही शराब की दुकानों को खोला है। पहले तीन दिनों में इन दुकानों में खासी भीड़ उमड़ी। नतीजतन, जमकर ओवर रेटिंग भी हुई। बावजूद इसके इस समय अधिकांश दुकानों में शराब तकरीबन समाप्त हो चुकी है। लाइसेंस धारकों ने गोदामों से शराब की निकासी के लिए आवेदन किया हैं। हालांकि, शासन ने इनकी निकासी पर रोक लगा रखी है। कारण ओवर रेटिंग की शिकायत पर विभाग ने नए रेट शराब की बोतलों में चस्पा कराए थे।

इनकी निकासी शुक्रवार से होनी थी। अब एक बार फिर शराब की कीमतों में बदलाव किया गया है। शासनादेश जारी होते ही नई कीमतें प्रभावी हो जाएंगी। ऐसे में विभाग अब नए सिरे से इन बोतलों में नए बढ़े हुए रेट चस्पा करेगा। इसमें एक दो दिन लग सकते हैं। इसके बाद ही शराब की निकासी की जाएगी।

शराब की कीमतों में बढ़ोतरी करने के बाद प्रदेश सरकार को 250 करोड़ का अतिरिक्त राजस्व मिलने की उम्मीद है। गौरतलब है कि विभाग का इस वर्ष का राजस्व लक्ष्य 3600 करोड़ रुपये है। दुकानों के आवंटन के बाद विभाग को तकरीबन 1900 करोड़ रुपये मिलने तय हो गए थे। अब शराब की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद विभाग को अभी 2150 करोड़ रुपये मिलने तय हो जाएंगे। अभी विभाग ने 150 से अधिक दुकानों की नीलामी और करनी है। इससे भी विभाग को काफी राजस्व मिलेगा।

आयुक्त राजस्व व अपर सचिव सुशील कुमार ने कहा कि शराब की नई कीमतें शासनादेश जारी होने के बाद लागू होंगी। शुक्रवार को यह शासनादेश जारी कर दिया जाएगा। अभी शराब की निकासी रोकी गई है। अब नई कीमतें चस्पा करने के बाद ही इसकी निकासी की जाएगी।

कुछ इस तरह हुई शराब में बढ़ोतरी

सरकार ने 370 रुपये मूल्य की बोतल में 20 रुपये, 410 रुपये से लेकर 520 रुपये तक की बोतल में 30 रुपये, 620 से लेकर 860 रुपये वाली बोतल में 50 रुपये और 1800 से अधिक मूल्य की शराब में 200 रुपये की बढ़ोतरी की है। वहीं, ऐसे विदेशी शराब जो बाहर से आती है उसमें 1610 से अधिक मूल्य की शराब पर 475 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।

अधिभार पर अब मंगलवार को होगा फैसला

इस वर्ष कोरोना के कारण शराब की दुकानें तकरीबन एक माह देरी से खुली हैं। इस कारण शराब व्यवसायी इस अधिभार को माफ करने की मांग कर रहे हैं। गुरुवार को यह मामला कैबिनेट में आया लेकिन इसे मंगलवार के लिए टाल दिया गया।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *