दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी गूगल (Google) ने गूगल फॉर इंडिया 2019 (Google For India 2019) कार्यक्रम के दौरान भारत में गूगल असिस्टेंट (Google Assistant) के लिए फोन लाइन सेवा को शुरू करने का एलान किया है। कंपनी ने दो वर्ष पूर्व गूगल असिस्टेंट को लॉन्च किया था। साथ ही उस समय ग्राहकों को 30 भाषाओं का सपोर्ट मिला था। अब गूगल के उपभोक्ता फोन के जरिए गूगल असिस्टेंट का इस्तेमाल कर सकेंगे। वहीं, इस सर्विस के लिए इंटरनेट की जरूरत नहीं पड़ेगी। गूगल असिस्टेंट को चलाने के लिए यूजर्स को सिर्फ ओके गूगल कमांड देनी होगी।
Google Assistant फोन लाइन सेवा
गूगल ने फोन लाइन असिस्टेंट सेवा को दूरसंचार कंपनी वोडाफोन के साथ पेश किया है। यूजर्स को इस सेवा के लिए किसी भी तरह के चार्ज का भुगतान नहीं करना होगा। उपभोक्ता 0008009191000 नंबर पर कॉल करके भी जानकारी हासिल कर सकते हैं। गूगल असिस्टेंट की लाइन सेवा के जरिए ट्रेन की टाइमिंग और क्रिकेट स्कोर जैसी जानकारियां मिलेंगी। वहीं गूगल असिस्टेंट को हिंदी भाषा का भी सपोर्ट मिला है। गूगल की यह सेवा 24×7 चालू रहेगी। आपको बता दें कि गूगल असिस्टेंट की फोन लाइन सेवा को केवल Vodafone Idea के ग्राहक ही इस्तेमाल कर सकेंगे।
AI Lab जल्द होगी ओपन
इसके अलावा गूगल जल्द ही बेंगलुरु में आर्टिफिशियल लैब शुरू करेगा। अब यूजर्स हिंदी भाषा के जरिए गूगल के प्लेटफॉर्म पर 10 गुना ज्यादा सर्च कर सकेंगे। साथ ही, गूगल ने भारतीय भाषा के लिए सर्च रिजल्ट को पहले की तुलना में बेहतर बनाया है।
Discover Tab का नया लुक
ग्राहक अपनी क्षेत्रीय भाषा के अनुसार गूगल के डिस्कवर टैब की सामग्री में बदलाव कर सकेंगे। साथ ही गूगल ने विभिन्न कैटेगरी का विकल्प दिया है, जिसमें उपभोक्ता अपनी पसंद के कंटेंट को चुन सकेंगे। गूगल का यह नया अपडेट गूगल क्रोम, गूगल गो के साथ गूगल सर्च पर भी दिखेगा।
Google Lens हुआ पेश
गूगल ने इस दौरान गूगल लेंस के अपग्रेडेड वर्जन को लॉन्च किया है। अब यूजर्स गूगल लेंस के माध्यम से कंटेंट का रियल टाइम में अनुवाद कर सकेंगे। इसके साथ ही उपभोक्ताओं को ट्रांसलेट वाला कंटेंट सुनाई देगा। गूगल ने लेटेस्ट गूगल लेंस में तीन भाषाओं का सपोर्ट दिया है।